पति के निधन के बाद सुनेत्रा पवार बनने जा रही है महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री

Highlights सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनने जा रही है। उन्हें खेल व राज्य उत्पादन शुल्क मंत्रालय मिलने की संभावना है। उन्हें आज एनसीपी विधायक दल का नेता चुना जा सकता है।

महाराष्ट्र की राजनीति में इस समय एक बड़ा और अहम बदलाव देखने को मिल रहा है। एनसीपी के प्रमुख और राज्य के उपमुख्यमंत्री रहे दिग्गज नेता अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार उनकी जगह लेने को तैयार है। वो मुंबई पहुंच चुकी है और आज शाम 5 बजे लोक भवन में राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। आज दोपहर में एनसीपी विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें उन्हें विधायक दल का नेता भी चुना जा सकता है। जानकारी के मुताबिक, पूरे घटनाक्रम को लेकर एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बातचीत भी की है। नेताओं ने मंत्रालयों के बंटवारे को लेकर भी चर्चा की। संभावना है कि सुनेत्रा पवार को खेल व राज्य उत्पादन शुल्क मंत्रालय मिल सकता है। हालांकि वित्त मंत्रालय फिलहाल फडणवीस के पास ही रहने की उम्मीद है, क्योंकि राज्य का बजट सत्र नज़दीक है। 

जानकारी के लिए बता दें कि सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र के एक दिग्गज नेता पद्मसिंह बाजीराव पाटिल की बेटी हैं। पद्मसिंह बाजीराव पाटिल 1978 से 2009 तक उस्मानाबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे हैं व 2009 से 2014 तक उस्मानाबाद लोकसभा क्षेत्र (अब धाराशिव) से सांसद भी रहे हैं। उन्होंने महाराष्ट्र के गृह मंत्री, जल संसाधन मंत्री, ऊर्जा मंत्री और महाराष्ट्र विधानसभा के उपाध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं। सुनेत्रा पवार पहले से सामाजिक रूप से सक्रिय रही हैं और उन्होंने बारामती में महिलाओं के बीच काम भी किया है। हालांकि वो 2024 के लोकसभा चुनावों में पहली बार सक्रिय राजनीति में सामने आई थी, जब उन्होंने बारामती लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। हालांकि उन्हें अपनी ननंद सुप्रिया सुळे द्वारा पराजय का सामना करना पड़ा था। इसके बाद सुनेत्रा को राज्यसभा सांसद बनाया गया था। बताया जा रहा है कि सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री बनने के बाद उनके बड़े बेटे पार्थ पवार राज्यसभा सांसद बनाए जा सकते हैं।

संवैधानिक पद मिलने के बाद नियमों के मुताबिक, उन्हें 6 महीने के भीतर विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य बनना होगा। इसके लिए उपचुनाव या नामांकन जैसे विकल्प खुले रहेंगे। हालांकि उम्मीद यही जताई जा रही है कि सुनेत्रा अपने पति की स्ट्रॉंगहोल्ड सीट बारामती से ही चुनाव लड़ेंगी। अजित पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा खालीपन आ चुका है। देखना दिलचस्प होगा कि सुनेत्रा इसे भर पाएंगी या नहीं।

Related News