टी-20 विश्व कप 2026 : भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर जीता तीसरा खिताब, सैमसन-बुमराह बने जीत के हीरो

Highlights भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार टी-20 विश्व कप जीता। संजू सैमसन ने 321 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीता। जसप्रीत बुमराह ने फाइनल में 4 विकेट लेकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।

8 मार्च, रंगपंचमी का दिन भारत के लिए कई मायनों में बेहद यादगार रहा। इस दिन जहां देश में रंग-गुलाल उड़ाए गए, वहीं कई जगहों पर दिवाली जैसा माहौल भी देखने को मिला। दरअसल, बात हो रही है टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल की, जहां भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। इतना ही नहीं, अब भारत 3 बार टी-20 विश्व कप जीत चुका है और इस प्रतियोगिता में सबसे सफल टीम बन गया है। हालांकि लगभग हर भारतीय दर्शक ने इस पूरे टूर्नामेंट को करीब से फॉलो किया होगा, लेकिन टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ियों के योगदान पर एक नजर डालना तो बनता ही है। आइए नजर डालते हैं टीम के कुछ मैच विनिंग खिलाड़ियों पर।

संजू सैमसन : देर से मिला मौका, लेकिन शानदार बल्लेबाजी से बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

इस विश्व कप की बात करें तो सबसे पहले संजू सैमसन का ही नाम आना चाहिए। संजू ने 5 मैचों में 80.25 की शानदार औसत से 321 रन बनाए और उन्हें "प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट" के खिताब से सम्मानित किया गया। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट भी 199 से ऊपर रहा। संजू टूर्नामेंट की शुरुआत में भारत की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे और उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की हार के बाद टीम में शामिल किया गया। इसके बाद इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम के लिए कई मैच जिताने वाली पारियां खेलीं।

वेस्टइंडीज के खिलाफ एक अहम मैच में 97*, फिर सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 89 और अंत में फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 89 रनों की शानदार पारी खेलकर उन्होंने हर दर्शक का दिल जीत लिया और अपने आलोचकों को भी करारा जवाब दिया। इस प्रतियोगिता से पहले न्यूजीलैंड के भारतीय दौरे पर उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और विश्व कप के शुरुआती मैचों में उन्हें मौका भी नहीं मिला। लेकिन बाद में अहम मुकाबलों में उनकी शानदार पारियों ने भारत को विश्व कप जिताने में बड़ी भूमिका निभाई। इस विश्व कप में उनका प्रदर्शन लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

ईशान किशन : दो साल बाद वापसी, पर्सनल ट्रेजेडी के बाद भी फाइनल में खेली अहम पारी

संजू सैमसन के बाद इस लिस्ट में ईशान किशन का नाम आना भी बनता है। करीब दो साल तक टीम से बाहर रहने के बाद ईशान को भारतीय विश्व कप स्क्वॉड में जगह मिली और उन्होंने इस मौके का पूरा फायदा उठाया। इस प्रतियोगिता में उन्होंने 9 मैचों में 317 रन बनाए और टॉप-5 बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर रहे। हालांकि फाइनल से पहले उनके साथ एक व्यक्तिगत दुखद घटना भी हुई, जब उनकी कजिन वैष्णवी और जीजा ऋत्विक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस व्यक्तिगत क्षति के बावजूद उन्होंने फाइनल में 54 रनों की शानदार पारी खेली, जिससे भारत की रन गति बनी रही और टीम को बड़ा स्कोर बनाने में मदद मिली।

शिवम दुबे : मध्यक्रम के गुमनाम हीरो, छोटी लेकिन असरदार पारियों से दिलाई मजबूती

इस विश्व कप के एक गुमनाम हीरो शिवम दुबे भी रहे, जिन्होंने मध्यक्रम में कई अहम कैमियो पारियां खेलीं। फाइनल में भी उन्होंने बल्ले से केवल 8 गेंदों में नाबाद 26 रन बना दिए, जिससे भारत का स्कोर 255 तक पहुंच गया। अंतिम ओवर में 24 रन जड़कर उन्होंने स्टेडियम का माहौल ही बदल दिया। इस विश्व कप में शिवम ने 9 मैचों में 235 रन बनाए और अपनी टीम को विश्व कप जितवाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने गेंद से भी योगदान देते हुए 5 विकेट हासिल किए। इसमें कोई शक नहीं है कि शिवम साल 2024 से भारतीय टीम के लिए "क्लच प्लेयर" साबित हो रहे हैं।

जसप्रीत बुमराह : घातक गेंदबाजी से चमके, फाइनल में चार विकेट लेकर बने मैन ऑफ द मैच

जब भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन की बात हो रही हो और उसमें जसप्रीत बुमराह का नाम न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता। इस विश्व कप में 8 मैचों में 14 विकेट के साथ वे वरुण चक्रवर्ती के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। हालांकि इकॉनमी की बात करें तो वे वरुण से भी एक कदम आगे निकल गए। जहां इस प्रतियोगिता में वरुण की इकॉनमी 20.50 की रही, वहीं जसप्रीत की इकॉनमी सिर्फ 12.43 की ही रही। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ जब बाकी गेंदबाज महंगे साबित हो रहे थे, तब भी उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 33 रन देकर एक विकेट लिया और दबाव बनाए रखा। फाइनल में तो उन्होंने अपना स्वाभाविक खेल दिखाते हुए 4 ओवर में केवल 15 रन देकर 4 विकेट झटके और "मैन ऑफ द मैच" बने। इसमें कोई शक नहीं है कि बुमराह जैसा खिलाड़ी सच में “वन्स इन अ जनरेशन” होता है।

Related News