टी-20 विश्व कप 2026 का सेमीफाइनल लाइनअप तय : भारत-इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका-न्यूजीलैंड होंगे आमने-सामने

Highlights संजू सैमसन के 97* रन से भारत ने टी-20 विश्व कप का सबसे बड़ा रन चेज किया। भारत, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। भारत का सेमीफाइनल मुकाबला 5 मार्च को मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ होगा।

टी-20 विश्व कप 2026 की जंग अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। भारत ने अपने आखिरी सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया है। इस जीत के साथ वे 4 टीमें तय हो गई हैं, जो खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। भारत के अलावा दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड ने भी सेमीफाइनल में जगह बनाई है।

वेस्टइंडीज के खिलाफ 1 मार्च को खेला गया मुकाबला किसी क्वार्टर फाइनल से कम नहीं था। इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और वेस्टइंडीज ने 196 रनों का एक मुश्किल लक्ष्य रखा। ऐसे करो या मरो वाले मुकाबले में, जहां एक ओर नियमित अंतराल पर भारत के विकेट गिर रहे थे, संजू सैमसन (97*) एक छोर पर टिके रहे और भारत को जीत दिलाकर ही लौटे।

उनकी इस अद्भुत पारी की बदौलत ही भारत ने टी-20 विश्व कप इतिहास में अपना सबसे बड़ा रन चेज पूरा किया। इतना ही नहीं, संजू ने विराट कोहली का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। विराट ने टी-20 विश्व कप 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ 82* रनों की जांबाज पारी खेली थी। यह पारी आज भी हर क्रिकेट प्रेमी के जहन में ताजा है। इसके अलावा विराट ने टी-20 विश्व कप 2016 में भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 82* रनों की नाबाद पारी खेलकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया था, जहां उसे वेस्टइंडीज के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

पहला सेमीफाइनल दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला 4 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेला जाएगा। दक्षिण अफ्रीका इस बार पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारी है और ग्रुप स्टेज व सुपर-8 की अंक तालिका में टॉप पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंची है। वहीं, न्यूजीलैंड ने सुपर-8 मुकाबलों में 3 अंकों के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश पाया है। इन दोनों टीमों के बीच का मुकाबला काफी कड़ा होने की उम्मीद है, क्योंकि दोनों ही टीमें अपना पहला टी-20 विश्व कप खिताब जीतने की कोशिश करेंगी।

भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के लिए सबसे बड़ी खबर यह है कि डिफेंडिंग चैंपियन भारत का मुकाबला इंग्लैंड से होगा। यह मैच 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत ने सुपर-8 की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रहकर क्वालीफाई किया है, जबकि इंग्लैंड ने अपने सुपर-8 मुकाबलों में अपराजित रहकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है। मुंबई की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार रहती है, इसलिए यहां एक हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है। भारतीय टीम के पास 2022 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड से मिली हार का बदला लेने का भी यह एक सुनहरा मौका होगा।

इन दोनों मैचों के विजेता 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले फाइनल में एक-दूसरे के सामने होंगे। भारतीय क्रिकेट प्रेमी यही चाहेंगे कि भारत अपनी पिछली गलतियों से सीख ले। भारतीय फैंस को उम्मीद है कि टीम इंडिया मुंबई में इंग्लैंड को हराकर अहमदाबाद का टिकट कटाएगी और फाइनल जीतकर तीसरी बार विश्व कप पर अपना कब्जा जमाएगी।

Related News