डोडा में सेना का वाहन खाई में गिरने से 10 जवान हुए शहीद, 10 अन्य घायल

Highlights भारतीय सेना का एक वाहन नियंत्रण खोकर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में 10 जवान शहीद हो गए और 10 अन्य घायल हो गए। LG मनोज सिन्हा ने इस हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले से एक बहुत दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां भारतीय सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिससे हमारे 10 बहादुर जवान शहीद हो गए। इस हादसे में 10 अन्य जवान घायल हो गए, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। जानकारी के मुताबिक, ये हादसा भद्रवाह-चंबा हाईवे पर खनानी टॉप के पास हुआ। सेना का एक बुलेटप्रूफ वाहन कैस्पिर (Casspir) जिसमें 17 जवान सवार थे, ऊंचाई पर स्थित अपनी पोस्ट पर जा रहा था। अचानक ड्राइवर ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधे 200/300 फीट गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे की खबर मिलते ही सेना और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। खाई गहरी होने के बावजूद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। दुर्गम परिस्थितियां होने के बावजूद रेस्क्यू ऑपरेशन तेज़ी से पूरा किया गया। शुरूआत में घटनास्थल से 4 जवानों के शव बरामद किए गए थे, जबकि 13 अन्य को घायल हालत में बचाया गया और पास के मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ गंभीर रूप से घायल जवानों को इलाज के लिए ऊधमपुर मिलिट्री हॉस्पिटल एयरलिफ्ट किया गया था, मगर उनमें से 7 जवानों की गहरी चोटों के कारण मौत हो गई।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल (LG) मनोज सिन्हा ने इस हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि हम अपने बहादुर सैनिकों की सेवा और सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखेंगे। LG ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। सिन्हा ने वरिष्ठ अधिकारियों को ये निर्देश दिए कि घायलों को अच्छे से अच्छा इलाज मिले। स्थानीय प्रशासन और सेना के अधिकारीगण हालातों पर करीब से नज़र बनाए हुए हैं। ये हादसा सड़क की बुरी हालत या खराब मौसम के कारण हो सकता है। हालांकि इसकी सही वजह पता लगाने के लिए जांच जारी है।

Related News