तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर 23 अप्रैल को चुनाव होने वाले हैं। इसी सिलसिले में भाजपा-तमिलनाडु ने आज पुत्तांडु (Puthandu) अथवा तमिल नव वर्ष के अवसर पर अपना मेनिफेस्टो जारी किया है। इस दौरान कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, भाजपा-तमिलनाडु के अध्यक्ष एन. नागेंद्रन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई और डॉ. तमिलिसाई सौंदरराजन भी उपस्थित थे। भाजपा इस बार कुल 27 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इस मेनिफेस्टों में जो घोषणाएं की गई हैं, वो कुछ इस प्रकार हैं।
नशीले पदार्थों को जड़ से खत्म करने के लिए, एक समर्पित विभाग और एक Anti-Narcotics Task Force का गठन किया जाएगा, जो इस पर कड़ी निगरानी रखेगा। भाजपा ने कहा कि हम एक गांजा-मुक्त राज्य बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। इसके अतिरिक्त, आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए, प्रत्येक जिले को अतिरिक्त एम्बुलेंस निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। भाजपा द्वारा इस घोषणापत्र में थाईपुसम (Thaipusam) को राज्य उत्सव बनाने की बात भी शामिल है। मेनिफेस्टो में उल्लेख किया गया है कि BJP यह सुनिश्चित करेगी कि मदुराई में तिरुपरनकुंद्रम मंदिर पर कार्तिगई दीपम जलाने की परंपरा को फिर से शुरू किया जाए।
भाजपा ने घोषणा की है कि हम महिलाओं के नेतृत्व वाले को-ऑपरेटिवेस को सशक्त बनाएंगे। स्वयं सहायता समूहों और MSME को 50 लाख रूपए तक के ब्याज-मुक्त लोन उपलब्ध कराए जाएंगे। हम पात्र महिलाओं को ई-स्कूटर खरीदने के लिए 25,000 रूपए प्रदान करेंगे। किसानों को केंद्र सरकार द्वारा दिए जाने वाले 6,000 रूपए के अलावा, 3,000 रूपए की अतिरिक्त राशि (टॉप-अप) दी जाएगी, जिससे कुल राशि 9,000 रूपए हो जाएगी।
मेनिफेस्टो में कहा गया है कि परिवार की सभी महिला मुखियाओं को 2,000 रूपए की मासिक सहायता और हर परिवार को 10,000 रूपए की एकमुश्त राशि दी जाएगी। पार्टी ने पोंगल, तमिल पुत्तांडु और दीपावली के मौकों पर तीन LPG सिलेंडर मुफ्त देने का वादा किया है। अपराध पर लगाम लगाने के लिए जीरो FIR रिपोर्टिंग की शुरूआत की जाएगी। जघन्य अपराधों के लिए हम विशेष फास्ट-ट्रैक कोर्ट स्थापित किए जाएंगे। बसों, स्कूलों और यूनिवर्सिटीज में 100 ब्लाइंड स्पॉट-फ्री CCTV कैमरे लगवाए जाएंगे।
अपने घोषणापत्र में, भाजपा ने तमिलनाडु के रेल नेटवर्क में कायापलट करने का भी वादा किया है। इसके लिए, उचित कीमतों पर जमीन अधिग्रहण को संभव बनाया जाएगा और चेन्नई-बेंगलुरू, चेन्नई-हैदराबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर और चेन्नई को दिल्ली, मुंबई और कोलकाता से जोड़ने वाली नई स्लीपर वंदे भारत ट्रेनों जैसी परियोजनाओं के माध्यम से कनेक्टिविटी का विस्तार किया जाएगा।