महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों में भाजपा का जलवा कायम, मुंबई-पुणे जैसे शहरों में शानदार प्रदर्शन

Highlights महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनावों में भाजपा का शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। मुंबई और नागपुर में भाजपा 85-85 सीटों पर आगे चल रही है। पुणे और सोलापुर जैसे शहरों में भी भाजपा की बढ़त कायम है।

महाराष्ट्र में आज निकाय चुनाव के नतीजों का दिन है और मुंबई से जो खबरें आ रही हैं, वो काफी दिलचस्प है। सुबह से शुरू हुई वोटों की गिनती में भाजपा और एकनाथ शिंदे वाली शिवसेना का गठबंधन यानि "महायुति" इस समय मज़बूत बढ़त बनाए हुए है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) जिसे सबसे अमीर महानगरपालिका माना जाता है, में असली जंग देखने को मिल रही है। लोगों का सबसे अधिक ध्यान इस समय BMC के नतीजों पर ही दिखाई दे रहा है। हालांकि अन्य महानगरपालिकाओं में भी भाजपा का ही जलवा देखने को मिल रहा है। महाराष्ट्र के 20 से 25 शहरों में भाजपा इस वक़्त बढ़त बनाए हुए है।

ताज़ा रूझानों के मुताबिक, भाजपा इस समय 93 सीटों पर आगे चल रही है। यहां दहिसर से भाजपा उम्मीदवार तेजस्वी घोसाळकर विजयी हो चुकी हैं। वहीं एकनाथ शिंदे की शिवसेना 26 सीटों पर आगे है। मुंबई में पहली बार भाजपा का मेयर बनना तय माना जा रहा है। वहीं बात करें 20 साल बाद साथ आए ठाकरे बंधुओं की तो, उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) 61 सीटों पर और राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना 9 सीटों पर आगे है। मुंबई की दादर सीट पर उद्धव की पार्टी का उम्मीदवार जीत चुका है। ये काफी दिलचस्प बात है कि शिवसेना दो हिस्सों में बंट जाने के बावजूद भी उद्धव ठाकरे की पार्टी का प्रदर्शन शिंदे गुट से बेहतर है। शिवसेना (UBT) इससे पहले लोक सभा चुनावों में भी शिंदे गुट से आगे थी, जब उद्धव की पार्टी को 9 और शिंदे की पार्टी को 7 सीटें मिली थी। हालांकि विधान सभा चुनावों में शिंदे ने वापसी करते हुए 57 सीटों पर विजय हासिल की और उद्धव को केवल 20 सीटों से ही संतोष करना पड़ा। मुंबई में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने भी 2 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है। 

BMC चुनावों में बात करें अन्य दलों की तो अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) 2 सीट पर आगे है। वहीं कांग्रेस इस वक़्त 13 सीटों पर आगे चल रही है। मुंबई में वार्ड क्र.183 (रूपारेल कॉलेज-माटुंगा वर्कशॉप) से कांग्रेस उम्मीदवार ने जीत भी दर्ज कर ली है। इनके अलावा अन्य उम्मीदवार भी 8 सीटों पर आगे चल चल रहे है।

अन्य अहम महानगरपालिकाओं पर भी नज़र डालें तो पुणे में भी भाजपा का डंका बज रहा है। यहां भाजपा इस वक़्त 55 सीटों पर आगे है और 3 सीटें जीत चुकी है। यहां पर अजित पवार और शरद पवार के दलों ने गठबंधन किया था और ये जोड़ी इस वक़्त 6 सीटों पर आगे है। वहीं ठाकरे बंधुओं की जोड़ी भी 6 सीटों पर भी आगे चल रही है। हालांकि शिंदे गुट अब तक पुणे में अपना खाता नहीं खोल सका है। कुछ ऐसा ही हाल नवी मुंबई में भी है। यहां भाजपा 22 सीटों पर आगे है। हालांकि नवी मुंबई में शिंदे गुट अब तक ज़्यादा बेहतर नज़र आ रहा है और फिलहाल 25 सीटों पर आगे है। अन्य दल अथवा गठबंधन अपना खाता नहीं खोल पाए हैं। नागपुर में भी भाजपा की ज़बरदस्त लहर देखने को मिल रही है। यहां भी भाजपा 85 सीटों पर आगे है।

कल्याण में भाजपा और शिवसेना का गठबंधन इस समय 20 सीटों पर आगे है। अन्य दल और गठबंधन अभी तक खाता नहीं खोल पाए हैं। कोल्हापुर में भाजपा, शिवसेना और अजित पवार की NCP 28 सीटों पर आगे है। यहां पर शिवसेना (UBT) वाला गठबंधन 23 सीटों पर आगे चल रहा है। बात करें छत्रपति संभाजीनगर की तो यहां भाजपा 10, ठाकरे गुट 6 और शिंदे गुट 8 पर आगे चल रहा है। अन्य उम्मीदवार 8 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। जळगांव में महायुति 16 सीटों पर आगे है। इसके अलावा सोलापुर में भाजपा 45, शिंदे गुट 10 और अन्य 6 सीटों पर आगे है। जैसे-जैसे समय आगे बढ़ता जाएगा, वैसे-वैसे मुंबई व अन्य शहरों की तस्वीर और साफ होती जाएगी।

Related News