क्रिकेट प्रेमियों का सबसे पसंदीदा त्योहार, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) आज से शुरू होने जा रहा है। पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच होगा। ये मैच बेंगलुरू के फेमस एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा, जहां चौकों-छक्कों की बरसात हो सकती है। हालांकि इस बार का IPL थोड़ा अलग होने वाला है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जानकारी दी है कि इस बार इस प्रतियोगिता की कोई औपचारिक ओपनिंग सेरेमनी नहीं होगी। यह फैसला पिछले साल 4 जून को बेंगलुरु में हुई भगदड़ के 11 पीड़ितों के सम्मान में लिया गया है। यह भगदड़ RCB के पहले IPL खिताब का जश्न मनाते समय हुई थी।
इस दर्दनाक हादसे में 11 लोगों की मौत और 56 लोग घायल हो गए थे। इसी को देखते हुए, IPL 2026 सीजन की शुरुआत बिना किसी भव्य समारोह के होगी। इसके अलावा चिन्नास्वामी स्टेडियम के P1 स्टैंड की 11 सीटों को भी हमेशा खाली रखा जाएगा। बात करें RCB की, तो वो इस साल डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर मैदान में उतरेगी। टीम की कमान इंदौर के रजत पाटीदार के ही हाथों में हैं, जिनकी कप्तानी में RCB 18 सालों में पहली बार विजेता बनी थी। RCB के स्क्वॉड में इस बार भी फिल सॉल्ट और विराट कोहली की जोड़ी ही ओपनिंग करते हुए नजर आ सकती है। जहां विराट ने पिछले साल 657 रन बनाए थे, वहीं सॉल्ट के बल्ले से भी 403 रन निकले थे।
तीसरे नंबर पर इंदौर के ही वेंकटेश अय्यर और चौथे नंबर पर रजत पाटीदार बल्लेबाजी करते हुए नजर आ सकते हैं। वहीं जितेश शर्मा, टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड मध्यक्रम और निचले क्रम में क्रुणाल पंड्या नजर आ सकते हैं। गेंदबाजी का जिम्मा भुवनेश्वर कुमार जैसे अनुभवी खिलाड़ी और जैकब डफी पर होगा। हालांकि टीम को शुरूआती मैचों में जोश हेजलवुड की कमी खल सकती है। टीम के अन्य उम्दा खिलाड़ियों की बात करें तो इस सूची में देवदत्त पडीक्कल, सुयश शर्मा, जैकब बेथल और नुवान थुशारा जैसे नाम शामिल है। अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य विहान मल्होत्रा पर भी सबकी नजरें होंगी।
बात करें SRH की तो, नियमित कप्तान पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में इस बार टीम की कमान ईशान किशन के हाथों में होगी, जिनका हालिया टी-20 विश्व कप बहुत ही शानदार गुजरा है। बल्लेबाजी और कप्तानी में भी उनसे वैसी ही उम्मीद की जाएगी। SRH की स्क्वॉड में अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड जैसे दो बहुत ही घातक खिलाड़ी हैं, जो ओपनिंग करते हुए नजर आ सकते हैं। यदि इन दोनों को जल्दी आउट नहीं किया गया, तो विपक्षी टीम के लिए मुश्किलें बहुत ज्यादा बढ़ सकती हैं। हेनरिक क्लासेन नंबर-4 पर, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी और अनिकेत वर्मा पांचवें और छठें स्थान पर दिखाई दे सकते हैं। हैदराबाद के गेंदबाजी अटैक की बात करें, तो हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा और शिवम मावी इसका हिस्सा हो सकते हैं। अन्य उपयोगी खिलाड़ियों की बात करें तो, ब्राइडन कार्स, लियाम लिविंगस्टोन और स्मरण रविचंद्रन जैसे लोगों पर सभी की नजरें होंगी।
IPL इतिहास में हैदराबाद का बेंगलुरू पर मामूली दबदबा रहा है। अब तक खेले गए 26 मैचों में SRH 13-11 से आगे है। हालांकि, एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में RCB का दबदबा रहा है और उसने SRH के खिलाफ खेले गए 8 मुकाबलों में से 5 जीते हैं। इसी मैदान पर दोनों टीमों के बीच एक हाई स्कोरिंग मुकाबला हुआ था, जहां हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 288 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य बेंगलुरू को दिया था। जवाब में बेंगलुरू ने भी शानदार प्रदर्शन किया और दिनेश कार्तिक की 83 रनों की पारी की बदौलत 262 रनों के स्कोर तक तो पहुंच भी गई थी। हालांकि SRH 25 रनों से वो मैच जीत गई, लेकिन दर्शकों को खूब चौकें-छक्कें देखने को मिले थे। आज भी कुछ उसी तरह के मैच की उम्मीद की जाएगी। मैच का परिणाम जो भी हो, लेकिन इतना तो पक्का है कि आज से 31 मई तक क्रिकेट फैंस का खूब मनोरंजन होगा।