यूनाइटेड किंगडम (UK) की क्रिकेट लीग "द हंड्रेड" (The Hundred) के ऑक्शन के बाद से सोशल मीडिया पर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। इस लीग की टीम सनराइजर्स लीड्स (Sunrisers Leeds) ने पाकिस्तानी लेग स्पिनर अबरार अहमद को अपने स्क्वॉड में शामिल कर लिया, जिसके तुरंत बाद इंटरनेट पर फैंस का गुस्सा फूट पड़ा। इस हंगामे के बीच सनराइजर्स लीड्स का ऑफिशियल X अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया है। बता दें कि इस टीम की ओनर सन ग्रुप है और चीफ एग्जीक्यूटिव काव्या कलानिधि मारन है। सन ग्रुप ही इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) टीम सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) का भी मालिक है।
दरअसल 12 मार्च को लंदन में द हंड्रेड के लिए खिलाड़ियों की नीलामी हुई थी। इस नीलामी में अबरार अहमद को सनराइजर्स लीड्स ने 1.90 लाख पाउंड्स (करीब 2.34 करोड़ रूपए) में खरीदा था। भारतीय फैंस की नाराजगी की मुख्य वजह भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनावपूर्ण रिश्ते हैं। फैंस का कहना है कि जहां एक तरफ IPL में पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर पाबंदी है, वहीं सनराइजर्स जैसी भारतीय कनेक्शन वाली टीम का उन्हें विदेशी लीग में मौका देना गलत है। सोशल मीडिया पर कुछ लोग पुराने पोस्ट शेयर कर रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि अबरार अहमद ने अतीत में भारतीय वायु सेना के विंग कमांडर (अब ग्रुप कैप्टन) अभिनंदन वर्धमान का मजाक उड़ाया था।
विवाद बढ़ने के कुछ ही घंटों बाद सनराइजर्स लीड्स का X अकाउंट सस्पेंड हो गया। जब भी कोई उस अकाउंट को खोलने की कोशिश कर रहा है, तो वहां अकाउंट सस्पेंड का मैसेज दिखाई दे रहा है। हालांकि, प्लेटफॉर्म या टीम की तरफ से अभी तक कोई साफ कारण नहीं बताया गया है कि यह अकाउंट नियमों के उल्लंघन की वजह से बंद हुआ है या भारी संख्या में रिपोर्ट किए जाने के कारण या फिर किसी अन्य वजह से। फिलहाल सोशल मीडिया पर "Boycott SRH" जैसे हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि सनराइजर्स मैनेजमेंट इस स्थिति को कैसे संभालता है और क्या अबरार अहमद इस टीम का हिस्सा बने रहेंगे या दबाव में कोई बदलाव किया जाएगा।