भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए आज का दिन बड़ा ऐतिहासिक रहा, जब देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के तौर पर मशहूर भाजपा को अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिला। अनुभवी नेता नितिन नबीन ने आज राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और नेतृत्व ने उन्हें शुभकामनाएं दी और संगठन के उज्जवल भविष्य पर भरोसा जताया।
पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने उन्हें ज़मीनी कार्यकर्ता से नेतृत्व तक का सफर तय करने वाला नेता बताया। उन्होंने कहा कि नितिन वैचारिक रूप से परिपक़्व है और बहुत कम आयु में 5 बार विधायक चुने जा चुके हैं। बिहार सरकार में मंत्री और भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव के रूप में भी उन्हें अनुभव प्राप्त है। छत्तीसगढ़ और सिक्किम जैसे राज्यों के प्रभारी के रूप में संगठन को मज़बूत करने और वहां सरकार के गठन में भी उनकी अहम भूमिका रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी नितिन नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई देते हुए कहा कि भाजपा का नेतृत्व पद नहीं, बल्कि प्रक्रिया और परंपरा से आगे बढ़ता है। उन्होंने संगठन पर्व के शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न होने को भाजपा की आंतरिक लोकतांत्रिक संस्कृति का उदाहरण बताया और देशभर के कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने भाजपा के सफर को याद करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में पार्टी ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया। इसके बाद विभिन्न अध्यक्षों के नेतृत्व में भाजपा लगातार मजबूत होती गई और आज पंचायत से लेकर संसद तक जनता की पहली पसंद बनी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "जब पार्टी की बात आती है, तो नितिन नबीन मेरे बॉस हैं।" उन्होंने खुद को भाजपा का कार्यकर्ता बताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र “खुद से बड़ा दल और दल से बड़ा देश” है। यही संस्कार पार्टी के हर कार्यकर्ता को जोड़ता है। बीते वर्षों में अनुच्छेद 370 हटाने और तीन तलाक जैसे फैसले इसी संकल्प का परिणाम हैं, जिन्हें कभी असंभव माना जाता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की आंतरिक चुनौतियों का भी ज़िक्र किया। उन्होंने घुसपैठ को राष्ट्रीय सुरक्षा और गरीबों के अधिकारों पर सबसे बड़ा खतरा बताया और कहा कि इस मुद्दे पर किसी भी तरह की वोटबैंक की राजनीति को जनता के सामने उजागर करना ज़रूरी है।
इस अवसर पर नए अध्यक्ष नितिन नबीन ने भाजपा के पूर्व अध्यक्षों का समरण किया और कार्यक्रम में मौजूद पूर्व अध्यक्षों का अभिवादन किया। नितिन ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा, " जब मैं 2006 में पहली बार विधायक बना, तब से देख रहा हूं कि किस प्रकार राजनाथ सिंह जी ने हर कार्यकर्ता से जुड़ने का प्रयास किया, नितिन गडकरी जी ने संगठन के हर मोर्चे को गढ़ने का काम किया और जब गृह मंत्री अमित शाह राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, तो उन्होंने किस तरह प्रत्येक कार्यकर्ता की चिंता की। मैं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों का बहुत बहुत अभिनंदन करता हूं, उन्होनें पार्टी को यहां तक पहुंचाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है।" नए नेतृत्व के चुनाव के साथ भाजपा ने ये संदेश दे दिया है कि संगठन, संस्कार और सेवा की परंपरा ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।