राम मंदिर की दूसरी वर्षगांठ पर भव्य आयोजन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अन्नपूर्णा मंदिर पर फहराया ध्वज

Highlights अयोध्या के श्रीराम मंदिर में आज “प्रतिष्ठा द्वादशी” का उत्सव मनाया जा रहा है। इस अवसर पर परिसर के मंदिरों में से एक श्री अन्नपूर्णा मंदिर पर धर्म ध्वज फहराया गया। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद है।

अयोध्या के श्रीराम मंदिर में आज “प्रतिष्ठा द्वादशी” का उत्सव मनाया जा रहा है। हिंदू पंचांग के अनुसार आज पौष शुक्ल द्वादशी है, जो रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ का पावन अवसर है। आज के उत्सव में भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए हैं। उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अयोध्या में मौजूद हैं। यहां पहुंचने से पहले दोनों नेताओं ने हनुमानगढ़ी में दर्शन और पूजन किया। इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रामलला का दर्शन-पूजन और आरती की। विशेष अनुष्ठानों के तहत मंदिर परिसर में पूजन, मंत्रोच्चार और हवन भी किए जा रहे हैं।

इसके पश्चात श्रीराम मंदिर परिसर के अन्य मंदिरों में से एक श्री अन्नपूर्णा मंदिर में धर्म ध्वज फहराया गया। यह अनुष्ठान मंदिर की पूर्णता और धार्मिक विजय का प्रतीक माना जा रहा है। कार्यक्रम के बाद राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ अंगद के टीले से श्रद्धालुओं को संबोधित कर सकते हैं। इसे देखते हुए अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

अयोध्या में आज मौसम काफी ठंडा है और सुबह के समय घना कोहरा भी छाया रहा। हालांकि, इससे श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था में कोई कमी नहीं आई। वर्ष 2025 का अंतिम दिन होने और प्रतिष्ठा द्वादशी की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है। अनगिनत श्रद्धालु कतारों में लगकर श्रीराम के दर्शन कर रहे हैं। व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है।

हालांकि, तारीख के अनुसार रामलला की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी 2024 को हुई थी, लेकिन धार्मिक मान्यताओं के अनुसार वर्षगांठ तिथिनुसार मनाई जाती है। इसी कारण रामलला की द्वितीय वर्षगांठ आज 31 दिसंबर 2025 (पौष शुक्ल द्वादशी) को मनाई जा रही है।

Related News