महाराष्ट्र की राजनीति के लिए आज का दिन बेहद अहम है। आज राज्य की 29 महानगरपालिकाओं में वोट डाले जा रहे हैं। हालांकि सभी की नज़रें देश की सबसे अमीर महानगरपालिका यानि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) पर टिकी हुई है, जहां करीब 8 सालों के लंबे अंतराल के बाद मतदान हो रहा है। सुबह 7.30 बजे मतदान शुरू हुआ, लेकिन शुरूआती 2 घंटों में वोटरों की रफ़्तार कुछ धीमी रही। आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 9.30 बजे तक करीब 7% मतदान दर्ज किया गया है।
मुंबई के अलग-अलग इलाकों में सुबह से वोटरों की लंबी कतारें देखी गई। हालांकि आंकड़ें बताते है कि लोग धीरे-धीरे अपने घरों से बाहर निकल रहे हैं। दिग्गज नेताओं से लेकर फिल्म सेलेब्रिटीज़ तक ने सुबह-सुबह अपने वोट डाल दिए हैं। सचिन तेंदुलकर, अक्षय कुमार, ट्विंकल खन्ना, जॉन अब्राहम, राकेश रोशन, हेमा मालिनी और सुनील शेट्टी जैसी मशहूर हस्तियों ने अपने मताधिकार का उपयोग कर अन्य लोगों को भी प्रेरित किया। उम्मीद की जा रही है कि जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, वैसे-वैसे अधिक से अधिक लोग मतदान केंद्रों तक पहुंचेंगे।
BMC के अलावा ठाणे, पुणे, नागपुर, नाशिक, जळगांव और कोल्हापुर जैसी महानगरपालिकाओं में भी कड़ा मुकाबला है। BMC की 227 सीटों के लिए 1500 से अधिक उम्मीदवार अपनी किस्मत आज़मा रहे हैं। सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। BMC चुनावों और वोटों की गिनती की देखरेख के लिए पूरे मुंबई में 25,000 से ज़्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। चुनाव आयोग ने सभी से अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की है।
इस चुनाव को आगामी विधानसभा समीकरणों के लिए टेस्ट माना जा रहा है। एक तरफ भाजपा और एकनाथ शिंदे की शिवसेना की महायुति है, तो दूसरी तरफ उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT), राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना और शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP) का गठबंधन है। इनके अलावा कांग्रेस, वंचित बहुजन आघाड़ी और राष्ट्रीय समाज पक्ष ने भी गठबंधन किया हैं। वहीं अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, समाजवादी पार्टी, CPI(M) जैसे दल इस बार अकेले मैदान में उतरे हैं। सभी उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कल यानि 16 जनवरी 2026 को होगा। परिणाम ही बताएंगे कि अगले पांच वर्षों तक BMC पर किसका शासन होगा।