केरलम, असम और पुदुचेरी में 9 अप्रैल को होगा मतदान, चुनावी मैदान में उतरेंगे बड़े नाम

Highlights असम में हिमंता बिस्वा सरमा, गौरव गोगोई, अतुल बोरा और प्रद्युत बोरदोलोई जैसे नेता चुनाव लड़ रहे है। केरलम से चुनावी मैदान में पिनरई विजयन, राजीव चंद्रशेखर, रमेश चेन्नितला और पी. के. कुन्हालीकुट्टी उतरे है। पुदुचेरी से एन. रंगासामी, वी. वैथिलिंगम, ए. नमस्सिवायम और वी. पी. रामलिंगम अपनी किस्मत आजमाएंगे।

भारत में विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां अब अपने चरम पर पहुंच चुकी हैं। केरलम, पुदुचेरी और असम में 9 अप्रैल, गुरूवार को एक ही चरण में चुनाव आयोजित होंगे। इन तीनों राज्यों में अब चुनाव प्रचारों पर भी रोक लग चुकी है। असम की 126 सीटों के लिए कुल 722 उम्मीदवार चुनावी रण में उतरे हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, राज्य में 2 करोड़ 40 लाख से अधिक मतदाता हैं, जिनमें 1 करोड़ 24 लाख से अधिक पुरूष और करीब इतनी ही संख्या में महिलाएं शामिल हैं। असम में सरकार बनाने के लिए किसी पार्टी अथवा गठबंधन को कम से कम 64 सीटों की जरूरत होगी। इन चुनावों के मुख्य प्रत्याशियों की बात करें, तो इनमें असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा, अतुल बोरा, चंद्र मोहन पटवारी, केशव महंत, अशोक सिंघल, रणजीत कुमार दास, प्रद्युत बोरदोलोई, गौरव गोगोई और देबब्रत सैकिया जैसे नाम शामिल हैं।

140 सीटों वाले केरलम की बात करें, तो यहां बहुमत के लिए किसी एक दल अथवा गठबंधन को कम से कम 71 सीटों की जरूरत होती है। इन 140 सीटों पर 883 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमाने के लिए उतरे हैं। वोटरों के संख्या पर नजर डालें तो, इस राज्य में 2 करोड़ 69 लाख से अधिक मतदाता है। इन चुनावों के प्रमुख चेहरों में मुख्यमंत्री पिनरई विजयन, पी. के. कुन्हालीकुट्टी, राजीव चंद्रशेखर, के. सुरेंद्रन, शोभा सुरेंद्रन, के. राजशेखरन, वी. मुरलीधरन, वी. डी. सतीशन, के. मुरलीधरन, रमेश चेन्नितला, सनी जोसेफ, जोस के. मणि, रमेश पिशारोडी और के. के. शैलजा जैसे नाम शामिल हैं। केरलम के मतदाताओं में 1 करोड़ 31 लाख से अधिक पुरूष, वहीं 1 करोड़ 38 लाख महिलाएं हैं। 

अंत में उल्लेख करें पुदुचेरी का, तो यहां विजयी होने के लिए किसी दल या गठबंधन को कम से कम 17 सीटों की जरूरत होती है। यहां कुल 33 सीटें हैं, जिनमें 30 पर चुनाव होते हैं और 3 सदस्य भारत सरकार द्वारा नॉमिनेट किए जाते हैं। इस केंद्र शासित प्रदेश में 9 लाख 44 हजार से ज्यादा एलिजिबल वोटर्स हैं, जिनमें 4 लाख 43 हजार से ज्यादा पुरूष और 5 लाख से ज्यादा महिलाएं हैं। इस चुनाव की मुख्य हस्तियों में मुख्यमंत्री एन. रंगासामी, ए. नमस्सिवायम, वी. पी. रामलिंगम, वी. वैथिलिंगम, ए. जॉनकुमार, एम्बालम आर. सेल्वम और पी. एम. एल. कल्याणसुंदरम जैसे नाम प्रमुख हैं। इस बार चुनाव लड़ने वाले कुल प्रत्याशियों की संख्या 294 हैं। इन सभी राज्यों के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। 

Related News