तमिलनाडु के सभी 234 विधानसभा क्षेत्रों और पश्चिम बंगाल में प्रथम चरण में आज 152 सीटों पर आज मतदान शुरू हो चुका है। इसी सिलसिले में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर पोस्ट किए, जिसमें उन्होंने इन दोनों राज्यों के लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल के लोगों से आग्रह करते हुए लिखा, "पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का पहला चरण आज हो रहा है। मैं सभी नागरिकों से आग्रह करता हूं कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरी ताकत से भाग लें। मैं विशेष रूप से अपने युवा मित्रों और पश्चिम बंगाल की महिलाओं से अपील करता हूं कि वे बड़ी संख्या में मतदान करें।"
उन्होंने तमिलनाडु के लोगों से अपील करते हुए लिखा, "जैसे-जैसे तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है, मैं सभी मतदाताओं से आग्रह करता हूँ कि वे लोकतंत्र के इस पवित्र कर्तव्य में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लें। मैं विशेष रूप से तमिलनाडु के युवाओं और महिलाओं से आग्रह करता हूँ कि वे बड़ी संख्या में बाहर निकलें और मतदान करें। ताजा जानकारी के मुताबिक, सुबह 11 बजे तक तमिलनाडु में 37.56% और पश्चिम बंगाल में फर्स्ट फेज में 41.11% वोटर टर्नआउट दर्ज किया गया है।
तमिलनाडु में आम जनता के अलावा कई प्रमुख चेहरे भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। इनमें प्रदेश के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुन्नेत्र कळगम (DMK) प्रमुख एम. के. स्टालिन, उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कुप्पुसामी अन्नामलाई, मक्कल नीधि मैयम (MNM) के अध्यक्ष कमल हासन, श्रुति हासन, धनुष, तमिलगा वेट्री कळगम (TVK) के प्रमुख और दिग्गज अभिनेता विजय, ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कळगम (AIADMK) के महासचिव ई. के. पलानीस्वामी, अम्मा मक्कल मुन्नेत्र कळगम (AMMK) के संस्थापक महासचिव टी.टी.वी. दिनाकरन भी शामिल हैं। सुपरस्टार रजनीकांत और पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन भी चेन्नई में अपना वोट डाल चुके हैं।
उल्लेख करें पश्चिम बंगाल का, तो यहां BJP से विपक्ष के नेता व भवानीपुर और नंदीग्राम सीट से उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी, खड़गपुर सदर से प्रत्याशी दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, पबित्र कर जैसे लीडर्स अपना वोट डाल चुके हैं। जानकारी के मुताबिक, दार्जिलिंग में 43%, झारग्राम में 47%, अलीपुरद्वार और कूच बिहार में 42% तक वोटिंग हो चुकी है। मुर्शिदाबाद जिले में मतदान के दौरान झड़प की खबरें सामने आईं। यहां तृणमूल कांग्रेस (TMC) कार्यकर्ताओं और आम जनता उन्नयन पार्टी (AUJP) के संस्थापक हुमायूं कबीर के बीच झड़प हो गई, जब उन्होंने उस इलाके का दौरा किया, जहां एक दिन पहले क्रूड बम फेंकने की घटना सामने आई थी।