पान मसाले के भ्रामक विज्ञापन के मामले में सलमान खान के खिलाफ जारी किया गया वारंट

Highlights सलमान खान के खिलाफ पान मसाले के भ्रामक विज्ञापन के मामले में तीसरा जमानती वारंट जारी। विज्ञापन का दावा है की इसमें केसर युक्त इलायची है, वहीं कीमत के आधार पर उसमें केसर होना संभव नहीं। सलमान को चेतावनी है की यदि वो कोर्ट में पेश नहीं हुए तो उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट होगा जारी।

बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर कानूनी मुश्किलों में फंसते हुए नजर आ रहे हैं। राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक अदालत ने पान मसाले से जुड़े भ्रामक विज्ञापन में सख्त रूख अपनाया है। इस मामले में अपडेट यह है कि जयपुर के जिला उपभोक्ता आयोग क्रम-2 ने सलमान खान के खिलाफ तीसरी बार जमानती वारंट जारी किया है। अदालत ने केवल वारंट ही जारी नहीं किया, बल्कि पुलिस प्रशासन को ये सख्त निर्देश दिए हैं कि एक विशेष टास्क फोर्स बनाए, जो व्यक्तिगत रूप से मुंबई जाए और इस वारंट की तामील करवाए। यानी अब पुलिस की एक टीम खास तौर पर सलमान खान के घर कोर्ट के आदेश की जानकारी देने के लिए पहुंच सकती है।

ये विवाद राजश्री पान मसाले के विज्ञापन से शुरू हुआ था। योगेंद्र सिंह नामक एक व्यक्ति ने शिकायत दायर कर आरोप लगाया था कि सलमान खान और कंपनी उपभोक्ताओं को गुमराह कर रहे हैं। विज्ञापन में दावा किया जाता है कि इस पान मसाले में केसर युक्त इलायची है। जबकि शिकायतकर्ता का तर्क ये है कि उसकी कीमत के आधार पर उसमें वास्तविक केसर होना संभव नहीं है। इसे भ्रामक प्रचार बताते हुए कोर्ट से इस पर रोक लगाने की मांग की गई थी। फिलहाल जो वारंट जारी हुआ है, वो जमानती है। इसका मतलब ये है कि अभी सीधे तौर पर गिरफ्तारी का खतरा नहीं है। लेकिन सलमान खान को कोर्ट में पेश होकर अपनी जमानत करानी होगी। हालांकि इस बार सख्त लहजे में कहा गया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।

कोर्ट ने चेतावनी दी है कि यदि इस बार भी वारंट की तामील में किसी तरह की बाधा डाली गई या सुनवाई की अगली तारीख 6 अप्रैल को सलमान कोर्ट में पेश नहीं हुए, तो उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया जा सकता है। अब सभी की नजरें 6 अप्रैल पर टिकी हैं कि क्या सलमान खुद कोर्ट में पेश होते हैं या उनके वकील उनके लिए कोई राहत मांगते हैं।

Related News