पश्चिम बंगाल : आरजी कर रेप पीड़िता की मां BJP के टिकट पर लड़ेंगी विधानसभा चुनाव

Highlights आर. जी. कर कांड की पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ अब चुनाव मैदान में उतरीं। BJP ने उन्हें पानीहाटी सीट से उम्मीदवार बनाया, मुकाबला होगा TMC के खिलाफ। बेटी के इंसाफ की लड़ाई अब वोट की ताकत से लड़ने की तैयारी।

पश्चिम बंगाल की राजनीति में इस समय एक खबर चर्चा का विषय बनी हुई है। 2024 में कोलकाता के आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक ट्रेनी डॉक्टर के रेप और मर्डर की घटना ने पूरे देश को हिला कर रख दिया था। अब खबर है कि उसी पीड़िता की मां राजनीति के मैदान में उतर रही हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 2026 के विधानसभा चुनावों में पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र से रत्ना देबनाथ को अपना उम्मीदवार बनाया है। यह सीट पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले में आती है। इस सीट से फिलहाल तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता निर्मल घोष विधायक हैं। निर्मल 5 बार इस सीट से चुनाव जीत चुके हैं।

इस मौके पर रत्ना देबनाथ ने कहा, "यह भी एक जीत है। यह जीत पानीहाटी के लोगों के लिए है। मैं चुनावी लड़ाई नहीं जीतूंगी, पानीहाटी के लोग जीतेंगे। पानीहाटी के लोग विरोध करना भूल गए हैं। सरकार ने लोगों से शिक्षा, स्वास्थ्य और उनके बुनियादी अधिकार छीन लिए हैं। मैं महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना चाहती हूँ। मैं कहना चाहती हूँ कि सभी को समान अधिकार मिलने चाहिए। मैं लोगों से कहना चाहती हूँ कि मैं अब शून्य हूँ, मेरे पास कुछ भी नहीं है। इसलिए, मुझे खुद के लिए कुछ भी नहीं चाहिए। मैं उनसे अनुरोध करूँगी कि वे मेरे साथ खड़े हों। चुनावी लड़ाई मुश्किल नहीं होगी। हम पहले ही कई लड़ाइयाँ लड़ चुके हैं। हम राज्य के लोगों से कहेंगे कि आपने पिछले 15 सालों से एक सरकार को देखा है। इसलिए अगले 5 सालों के लिए BJP को एक मौका दें। मैं अपनी बेटी की मौत का इंसाफ लेकर रहूँगी, कोई भी मुझे ऐसा करने से नहीं रोक सकता।"

इस अवसर पर पीड़िता के पिता शेखररंजन देबनाथ ने कहा, "BJP ने रत्ना को उम्मीदवार बनाया है। वह पानीहाटी के लोगों की उम्मीदवार हैं। पानीहाटी के लोग उन्हें वोट देंगे और उन्हें जिताएंगे। वह विधानसभा में पानीहाटी के लोगों के मुद्दे उठाएंगी। पानीहाटी के लोगों के लिए हमारे दरवाजे हमेशा खुले रहेंगे।" पानीहाटी सीट पर अब मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है। यहाँ उनका सामना निर्मल घोष के बेटे तीर्थंकर घोष से होगा। अब आर. जी. कर की घटना से जुड़ी भावनाओं के कारण पूरे देश की नजरें इस सीट पर टिकी होंगी। देखना यह होगा कि क्या एक मां की न्याय की पुकार वोट में तब्दील हो पाती है या नहीं। राज्य में दो चरणों में 23 व 29 अप्रैल को चुनाव होंगे और नतीजे 4 मई को आएंगे।

Related News