मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले से एक बहुत ही हैरान कर देने वाली खबर सामने आ रही है। यहां टेलीविजन गेम शो कौन बनेगा करोड़पति (KBC) में बड़ी राशि जीतकर चर्चा में आईं एक अधिकारी को घोटाले के आरोप में पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला तहसीलदार अमिता सिंह तोमर (कुछ स्थानों पर नाम अमृता) जो KBC में 50 लाख रूपए जीतकर मशहूर हुई थीं, उन्हें 2.5 करोड़ रूपए के बाढ़ राहत घोटाले में पुलिस प्रशासन द्वारा गिरफ्तार किया गया है। दरअसल, यह मामला 2021 का है, जब तोमर बड़ौदा तहसील की तहसीलदार के रूप में काम कर रही थीं। आरोप है कि उन्होंने 20 से अधिक पटवारियों के साथ मिलकर 2.5 करोड़ रूपए की राशि गबन करने के इरादे से फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी थी।
बाद में डिप्टी कलेक्टर के ऑडिट में सारी गड़बड़ी सामने आई और स्थानीय पुलिस थाने में मामला भी दर्ज किया गया था। इस मामले में अमिता सिंह तोमर और पटवारियों सहित करीब 110 लोगों को आरोपी बनाया गया है। तोमर ने इस मामले में पहले हाई कोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी भी दाखिल की थी, लेकिन दोनों ही अदालतों ने उनकी याचिकाएं खारिज कर दीं। तोमर को ग्वालियर के चंद्रवदनी नाका स्थित उनके निवास से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद अमिता सिंह तोमर को कोर्ट में पेश किया गया, जिसके बाद उन्हें फिलहाल शिवपुरी जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तारी के समय वे विजयपुर की तहसीलदार के रूप में कार्यरत थीं, लेकिन स्थानीय कलेक्टर द्वारा उन्हें पद से हटा दिया गया है।
बता दें कि कौन बनेगा करोड़पति एक बहुत ही प्रसिद्ध टेलीविजन गेम शो है, जिसे लंबे समय से बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन द्वारा प्रस्तुत किया जाता है। अमिताभ सीजन 1 से 2 और फिर 4 से 17 तक इसे होस्ट कर चुके हैं। KBC के तीसरे सीजन को दिग्गज अभिनेता शाहरुख खान द्वारा भी प्रस्तुत किया जा चुका। इसमें भाग लेने वालों से 16 मल्टीपल चॉइस सवाल पूछे जाते हैं और उन्हें चार संभावित ऑप्शंस में से सही जवाब चुनना होता है। साथ ही, उन्हें लाइफलाइन भी दी जाती हैं, जिनका इस्तेमाल वे तब कर सकते हैं जब उन्हें किसी जवाब के बारे में पक्का पता न हो। इन 17 सीजनों में अब तक कई भाग्यशाली लोग करोड़पति अथवा लखपति बनकर निकले हैं। बड़े अचरज की बात है कि अमिता सिंह तोमर, जो स्वयं 50 लाख रूपए जीत चुकी थीं और तहसीलदार के रूप में भी कार्यरत थीं, इस तरह के लालच में पड़ गईं।