ईरान-इजरायल तनाव के बीच युजवेंद्र चहल का पोस्ट चर्चा में, लोगों से जमकर मिल रहा समर्थन

Highlights युजवेंद्र चहल अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में आ गए है। चहल ने देशभक्ति से जुड़ा संदेश शेयर किया, जिसे लोगों का समर्थन मिला। कुछ लोगों ने पोस्ट को उनकी निजी जिंदगी और क्रिकेट करियर से भी जोड़ा।

दिग्गज भारतीय लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल अपनी गेंदबाजी के लिए तो दुनियाभर में मशहूर हैं ही, लेकिन इस बार वे अपनी गेंदबाजी नहीं बल्कि एक सोशल मीडिया पोस्ट की वजह से चर्चा में आ गए हैं। मिडिल ईस्ट में इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच लगातार बढ़ते तनाव के बीच चहल ने एक ऐसी तस्वीर शेयर की, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है और इसे लेकर काफी चर्चाएं की जा रही हैं।

चहल ने अपने X अकाउंट पर एक पोस्ट और इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी शेयर की है, जिसमें एक व्यक्ति पीठ दिखाकर खड़ा है। उस व्यक्ति की टी-शर्ट पर एक संदेश लिखा है कि, "जिस देश में आप रहते हैं, उसका समर्थन करें, या फिर जिस देश का समर्थन करते हैं, वहां जाकर रहें।" यह संदेश सीधे तौर पर देशभक्ति और जिम्मेदारी की भावना से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। चहल के इस पोस्ट के बाद उन्हें अधिकतर लोगों से जमकर तारीफें और समर्थन मिल रहा है, वहीं कुछ गिने-चुने लोगों का मानना है कि वे खेल के मैदान पर उनका प्रदर्शन देखना ज्यादा पसंद करेंगे। कुछ लोगों ने तो इसे उनकी निजी जिंदगी से भी जोड़कर देखना शुरू कर दिया है।

जानकारी के लिए बता दें कि अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर सामने आने के बाद भारत के कई स्थानों और विदेशों में भी विरोध प्रदर्शन किए गए हैं, जहां "अमेरिका मुर्दाबाद" और "इजरायल मुर्दाबाद" जैसे नारे भी लगाए गए हैं। हालांकि दिलचस्प बात यह है कि ईरान के भीतर कई लोग उनकी मौत का जश्न मना रहे हैं। गौरतलब है कि युजवेंद्र चहल काफी समय से भारतीय नेशनल टीम से बाहर चल रहे हैं। हालांकि वे 2024 के टी-20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। फिर भी किसी न किसी खबर के जरिए वे लगातार सुर्खियों में बने रहते हैं।

Related News