भारत गुरुवार को जारी हुई फीफा रैंकिंग्स में पिछले दो दशकों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ 101वें क्रम पर पहुंच गया। यह पिछले 20 से अधिक वर्षों में भारत की सबसे अच्छी रैंकिंग हैं। भारत पिछले महीने तक 132वें स्थान पर था लेकिन कंबोडिया के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय मैत्री मैच में 3-2 और म्यांमा के खिलाफ एएफसी एशिया कप क्वालीफायर में 1-0 की जीत से वह 31 पायदान की लंबी छलांग लगाने में सफल रहा।
भारत का अभी तक फीफा रैंकिंग्स में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 94 था, जो उसने फरवरी 1996 में हासिल किया था। भारत नवंबर 1993 में 99वें और अक्टूबर 1993, दिसंबर 1993 और अप्रैल 1996 में 100वें क्रम पर था।
पिछले दो वर्षों में भारतीय टीम ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। इस बीच उसने 13 मैच खेले और इनमें से 11 में जीत दर्ज की। इन मैचों में उसने कुल 31 गोल किए।