उत्तर प्रदेश के साथ ही पूरे उत्तर भारत में गर्मी का कहर जारी है। आसमान से आग बरस रही है और पारा लगातार चढ़ता ही जा रहा है। उत्तर प्रदेश राजधानी लखनऊ एवं अधिकांश जिलों में भीषण गर्मी का प्रकोप है। मौमस विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम की मार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की आशंका जाहिर कर दी गई है। जबकि, यूपी के बांदा में अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा चुका है।
हीट स्ट्रोक की घटनाएं बढ़ रही हैं। लोगों को खुली धूप से बचने की सलाह दी जा रही है। उप्र मौसम विभाग के अनुसार, दिन में तेज धूप निकलेगी और गर्म हवायें चलेंगी। रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को दिन में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज किए जाने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान लगभग 45 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है। लखनऊ के अतिरिक्त सोमवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 26.4 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का 27 डिग्री सेल्सियस, झांसी का 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।