प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम में युवा भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत द्वारा पिछले हफ्ते इंडोनेशिया ओपन का खिताब जीतने पर उन्हें बधाई दी. पीएम की बधाई के कुछ देर बाद ही संयोग से श्रीकांत ने ऑस्ट्रेलिया ओपन सुपर सीरीज का भी खिताब जीत लिया. रविवार को खेले गए ऑस्ट्रेलिया ओपन सुपर सीरीज के फाइनल में श्रीकांत ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए ओलंपिक चैंपियन चीन के चेन लोंग को सीधे सेटों में 22-20 और 21-16 से मात देते हुए अपने करियर का चौथा सुपर सीरीज खिताब जीता.
दुनिया की 11वीं रैंकिंग वाले 24 वर्षीय श्रीकांत इससे पहले 2014 में चाइना ओपन सुपर सीरीज और 2015 में इंडिया सुपर सीरीज का खिताब जीत चुके हैं. वह लगातार दो सुपर सीरीज खिताब जीतने वाले पहले पुरुष भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं.
साथ ही वह लगातार तीन सुपर सीरीज के फाइनल में पहुंचने वाले दुनिया के सिर्फ पांचवें खिलाड़ी हैं. मोदी ने कहा कि देश के युवा अब खेलों में निरंतर भाग ले रहे हैं और उन्हें खेल को अपना करियर बनाने से नहीं हिचकना चाहिए.