पुडुचेरी के राजनीतिक हालात दिल्ली जैसे होते जा रहे हैं, जी हां! जैसे दिल्ली में सीएम अरविंद केजरीवाल व पूर्व उपराज्यपाल नजीब जंग के बीच का विवाद किसी से छिपा नहीं हैं वैसे ही हालात पुडुचेरी में बनते जा रहे हैं। गौरतलब है कि पुडुचेरी नगर निगम आयुक्त आर चंद्रशेखरन के तबादले को लेकर उपराज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष के बीच बीते एक सप्ताह से विवाद जारी है। किरण बेदी पर आरोप है कि उन्होंने संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन किया है। कांग्रेस शासित प्रदेश पुडुचेरी में उपराज्यपाल किरण बेदी और विधानसभा अध्यक्ष वी वैतिलिंगम के बीच क्षेत्राधिकार का विवाद बढ़ गया है।
इस विवाद में नया मोड़ तब आया जब सीएम वी नारायणसामी ने केंद्र से उपराज्यपाल किरण बेदी को वापस बुलाए जाने का अनुरोध किया। जिसके बाद किरण बेदी के सचिव को विधानसभा की विशेषाधिकार समिति ने समन जारी किया है। कांग्रेस के मुख्यमंत्री और किरण बेदी के बीच नए विवाद में सीएम नारायणसामी ने एलजी के खिलाफ एक प्रस्ताव को पारित करने के लिए एक अखिल पार्टी की बैठक बुलाई थी।
प्रस्ताव में कहा गया है कि केंद्र सरकार पुडुचेरी की लेफ्टिनेंट गवर्नर किरण बेदी को वापस बुलाए। यह देखना होगा कि सीएम नारायणसामी किरण बेदी के खिलाफ इस जंग को जीत पाते हैं या नहीं।