भले ही कुंबले से विवाद को लेकर विराट कोहली को इन दिनों आलोचना झेलनी पड़ रही हो, लेकिन उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती ही जा रही है। विराट कोहली फेसबुक पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले दूसरे भारतीय बन गए हैं। फेसबुक पर अब उनके 35 मिलियन (35,442,081) फॉलोअर्स हैं। 28 साल के कोहली अब सिर्फ भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पीछे हैं जिनके 42.2 मिलियन यानी 4 करोड़ 20 लाख फेसबुक फॉलोअर्स हैं।
कोहली का जलवा सिर्फ फेसबुक तक ही सीमित नहीं है बल्कि टि्वटर पर भी कोहली के 1.6 करोड़ और इंस्टाग्राम पर 1.4 करोड़ फॉलोअर्स हैं। इस लिहाज से वह दुनिया के सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले क्रिकेटर बन गए। वहीं सचिन तेंदुलकर की बात करें तो उनके 2 करोड़ 85 लाख और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के करीब 2 करोड़ फॉलोअर्स हैं।
अपनी इस कामयाबी के बाद कोहली ने कहा कि उन्हें यह जानकर काफी खुशी हुई। उन्होंने कहा कि यह मैदान पर किए जाने वाले उनके काम का बाय प्रॉडक्ट है। उन्होंने कहा कि फैन्स का समर्थन बेशकीमती है।