पंजाब में 2027 विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच गठबंधन की चर्चाएं चल रही हैं। लेकिन इससे पहले एक और बड़ी खबर सामने आ गई है। पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस स्टूडेंट्स काउंसिल (PUCSC) के चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (ABVP) ने लगातार दूसरी बार ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इस बार अध्यक्ष पद पर ABVP के अंकित बिधान ने अपना परचम लहराया है। उन्होंने नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के गुरमन सिंह सिद्धू, आम आदमी पार्टी की स्टूडेंट विंग एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स (ASAP) के आदिल बराड़/ब्रार और SATH के दर्शप्रीत सिंह को शिकस्त दी।
अंकित को 3,149 वोट मिले, जबकि आदिल को 2,637 वोट मिले। इनके अलावा, गुरमन को 2,263 वोट और दर्शप्रीत को 1,387 वोट मिले। बता दें कि इससे पिछले चुनाव में भी ABVP के ही गौरव वीर सिंह सोहल ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया था। यह जीत राजनीतिक गलियारों में इसलिए भी चर्चा का विषय बनी हुई है, क्योंकि अकाली दल की स्टूडेंट विंग स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन ऑफ इंडिया (SOI) ने इस चुनाव में ABVP को अपना समर्थन दिया था। छात्र राजनीति के इस नए समीकरण के बाद अब यह चर्चा और तेज हो गई है कि क्या जमीनी स्तर पर ABVP और SOI के साथ आने के बाद, बड़े पर्दे पर भी BJP और SAD का गठबंधन मुमकिन हो पाएगा।
चुनाव जीतने के बाद मीडिया से बात करते हुए अंकित ने कहा, Gen Z ने साबित कर दिया है कि ABVP और मोदी जी उनके दिलों में बसे हैं। यह पूरी ABVP टीम की कड़ी मेहनत का नतीजा है। हमें छात्रों का प्यार और समर्थन मिला है। SOI हमारे मैनिफेस्टो से सहमत था और उसने हमारे साथ गठबंधन किया था। छात्रों के प्यार और समर्थन की वजह से ही हम जीते हैं। कई बड़े नेताओं ने भी इस जीत पर खुशी जताई है।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने X पर एक पोस्ट में लिखा, "पंजाब यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में ABVP की शानदार जीत पर परिषद् के सभी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई। लगातार दूसरी बार मिली यह जीत युवा शक्ति के राष्ट्र प्रथम की विचारधारा पर अटूट विश्वास का प्रमाण है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि परिषद् के कार्यकर्ता स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों पर चलते हुए छात्रहित के लिए निरंतर संकल्पित भाव से कार्य करते रहेंगे।"
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी एक पोस्ट में लिखा, "पंजाब विश्वविद्यालय छात्र परिषद चुनाव में ABVP की ऐतिहासिक विजय पर युवा शक्ति को हार्दिक बधाई! यह शानदार जीत इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि पंजाब और देश का युवा खोखले वादों को दरकिनार कर राष्ट्रनिर्माण और सकारात्मक नेतृत्व के साथ खड़ा है। युवाशक्ति ‘विकसित भारत’ के सामूहिक स्वप्न को गति देने के लिए पूरी तरह तैयार और संकल्पित है।"
छात्र संघ चुनाव के अन्य मुख्य पदों के परिणामों पर नजर डालें तो मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा। उपाध्यक्ष पद पर अरमान सिंह (भिंडर) ने 3,322 वोट हासिल कर शानदार जीत दर्ज की, जबकि आकांक्षा ठाकुर 2,818 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। सचिव पद की बाजी ध्यान सिंह (समीर) के हाथ लगी। उन्हें कुल 4,045 वोट मिले, वहीं उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी आर्यन सहारन 3,678 वोटों के साथ उपविजेता रहे। अंत में, संयुक्त सचिव पद पर विशाल (बमल/बामल) ने 3,506 वोट पाकर अपना कब्जा जमाया, जबकि देवराज सिंह नैन 2,338 वोट्स के साथ दूसरे नंबर पर रहे।