आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ T20 सीरीज में निराशाजनक हार के बाद, भारतीय टीम अब ODI सीरीज में वापसी करने की कोशिश करेगी। तीन मैचों की सीरीज का पहला मैच आज एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जा रहा है। प्लेइंग XI को देखें तो शुभमन गिल भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं। टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी स्टार बल्लेबाजों के साथ-साथ श्रेयस अय्यर, विकेटकीपर केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, गुरनूर ब्रार, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं।
यह सभी जानते हैं कि रोहित और विराट अब सिर्फ ODI प्रारूप में ही खेलते हैं। वहीं, भारत के सबसे बेहतरीन गेंदबाजों में से एक, जसप्रीत बुमराह 968 दिनों के बाद वनडे फॉर्मेट में वापसी कर चुके हैं। उनका आखिरी मैच अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2023 वर्ल्ड कप फाइनल था। वहीं इंग्लैंड की प्लेइंग XI पर गौर करें, तो इस टीम की कप्तानी हैरी ब्रूक कर रहे हैं। टीम में जो रूट और विकेटकीपर जोस बटलर जैसे बड़े नाम तो हैं ही, साथ ही जैकब बेथेल, बेन डकेट, विल जैक्स, सैम करन, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, जोश टंग और आदिल रशीद भी ये मुकाबला खेल रहे हैं।
आज इंग्लैंड ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी चुनी। इंग्लिश टीम की शुरूआत अच्छी रही। सलामी बल्लेबाज बेन डकेट (43) और जैकब बेथेल (14) ने पहले विकेट के लिए 61 रन जोड़े। डकेट अच्छी लय में थे, लेकिन वे अपने अर्धशतक से महज 7 रन से चूक गए। हालांकि, उनके आउट होने के बाद इंग्लैंड गहरे संकट में दिख रहा है। टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट खोए हैं। हैरी ब्रूक (1), जोस बटलर (5) और सैम करन (0) सभी सस्ते में पवेलियन लौट गए।
विल जैक्स (20) ने तीन चौके मारे, लेकिन वो अपनी शुरूआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके। खबर लिखे जाने तक, इंग्लैंड का स्कोर 160/6 है। जो रूट (30*) और लियाम डॉसन (34*) पर नाबाद हैं। प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर ब्रार ने दो-दो विकेट चटकाएं हैं, जबकि शिवम दुबे और जसप्रीत बुमराह ने एक-एक विकेट लिया है।