पुडुचेरी से एक अहम खबर सामने आई है। ऑल इंडिया एन. आर. कांग्रेस (AINRC) के अध्यक्ष एन. रंगासामी ने 5वीं बार, इस केंद्र शासित प्रदेश (UT) के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। पुडुचेरी के उपराज्यपाल (LG) के. कैलाशनाथन ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री रंगासामी के अतिरिक्त, AINRC के ही एम. कृष्ण राव और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के ए. नमस्सिवायम भी मंत्री पद की शपथ ले चुके हैं। इस शपथ ग्रहण समारोह में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी उपस्थित रहे। 2026 के चुनावों में AINRC ने 16 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिनमें उन्हें 12 पर जीत हासिल हुई थी। वहीं BJP ने 10 सीटों पर चुनाव लड़ा और 4 सीटें हासिल की थी।
अन्य सहयोगियों ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (AIADMK) और लच्चिया जननायक कत्ची (LJK) को 1-1 सीटें मिली थी। मुख्यमंत्री रंगासामी ने स्वयं तट्टनचावडी (Thattanchavady) और मंगलम (Mangalam) सीटों से चुनाव लड़ा और दोनों ही सीटों पर विजय प्राप्त की। वो 1991 से 2011 और फिर 2021 से अब तक तट्टनचावडी से विधायक हैं। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री 2011 से 2021 तक इंदिरा नगर सीट से भी विधानसभा सदस्य रह चुके हैं। उनके अलावा एम. कृष्ण राव ने 5 वर्षों के बाद एक बार फिर यानम (Yanam) सीट पर कब्जा जमाया है। पूर्व में वो, 1996 से 2021 तक इस सीट से विधायक रह चुके हैं। ए. नमस्सिवायम ने भी एक बार फिर मन्नादीपेट (Mannadipet) सीट पर जीत हासिल की है।
अतीत में वो विल्लियानूर (Villianur) और ओड़ूकरई/ओळूकरई (Ozhukarai) सीट से भी जीत चुके हैं। एन. रंगासामी को पुडुचेरी का सबसे दिग्गज नेता कहा जाए तो इसमें कुछ भी गलत नहीं होगा। वो अक्टूबर 2001 से सितंबर 2008, मई 2011 से जून 2016 और मई 2021 से अब तक इस UT के मुख्यमंत्री हैं। इसके अलावा वो विधानसभा में विपक्ष के नेता और अन्य मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल के दौरान कृषि, लोक निर्माण विभाग (PWD) और शिक्षा मंत्री के रूप में भी काम कर चुके हैं। जनता यही उम्मीद करेगी कि पुडुचेरी आगे भी विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहे।