इंग्लैंड में जारी महिला टी-20 विश्वकप के दौरान, भारतीय टीम के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। 23 वर्षीय ऑफ-स्पिनर श्रेयांका पाटिल नीदरलैंड्स के खिलाफ भारत के दूसरे ग्रुप स्टेज मैच के दौरान टखने की चोट के कारण, बची हुई प्रतियोगिता से बाहर हो गई है। मैच के दौरान श्रेयांका गेंद रोकने की कोशिश करते समय अपना टखना मुड़वा बैठी। इसके बाद उन्हें तुरंत मैदान से बाहर ले जाया गया। उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर 24 वर्षीय लेग-स्पिनर प्रेमा रावत को टीम में शामिल किया गया है। प्रेमा ने अब तक कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है, मगर उन्होंने वूमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) की ओर से 6 मुकाबले खेले हैं, जिनमें प्रेमा ने 3 विकेट चटकाए थे।
चोटिल श्रेयांका की जगह प्रेमा रावत को मिला मौका
प्रेमा रावत ने मार्च में खेले गए एशिया कप राइजिंग स्टार्स में भी उम्दा प्रदर्शन किया था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उन्होंने 9.62 की औसत से 8 विकेट झटके थे। आगे चलकर इंडिया-ए टीम ने दूसरी बार ट्रॉफी पर अपना कब्जा भी जमाया था। भारतीय टीम इतने महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में भी उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रखेगी। चोटिल श्रेयांका इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ एक मैच खेल चुकीं हैं, जिसमें उन्होंने 3 ओवर में 5.6 की इकोनॉमी से 17 रन दिए। हालांकि वो एक भी विकेट हासिल नहीं कर सकीं। प्रेमा रावत 20 जून से 4 जुलाई तक इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाले 3 टी-20 और 3 वनडे मैचों के लिए इंडिया-ए स्क्वॉड में शामिल थीं। हालांकि अब वो विश्वकप से ही अपने अंतरराष्ट्रीय सफर की शुरूआत करने जा रही हैं।
स्मृति मंधाना ने बनाया नया रिकॉर्ड
हालांकि इसी बीच भारत के लिए एक अच्छी खबर भी सामने आई। नीदरलैंड्स के खिलाफ खेले गए मैच में भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने कीर्तिमान रच दिया। स्मृति टी-20 इतिहास में पहली बल्लेबाज (महिला और पुरूष को मिलाकर) बन चुकी हैं, जिन्होंने 600 चौके लगाए हैं। उन्होंने नीदरलैंड्स के खिलाफ 47 गेंदों में 74 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 11 चौके और एक छक्का लगाया। अब तक की प्रतियोगिता में ये उनकी लगातार दूसरी हाफ सेंचुरी रही। वो इससे पहले पाकिस्तान के विरूद्ध भी 68 रन बना चुकी हैं। उनके कुल चौको की संख्या 604 हो चुकी है। बता दें कि इस विश्वकप से पहले, उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। इतने अहम मौके पर उनका फॉर्म में वापस आना, भारत के लिए बड़ी अच्छी खबर है।
भारत अब तक अपने ग्रुप में अपराजेय
ग्रुप-बी में भारतीय टीम, फिलहाल 4 अंकों के साथ पहले स्थान पर है। उन्हें बचे हुए ग्रुप स्टेज मैचों में 21 जून को दक्षिण अफ्रीका, 25 जून को बांग्लादेश और 28 जून को ऑस्ट्रेलिया के साथ भिड़ना है। भारतीय क्रिकेट फैन्स यही आशा करेंगे कि टीम का विजय रथ ऐसे ही आगे बढ़ता रहे।