बिहार की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव सम्पन्न होने के बाद अब बिहार में मंत्रिमंडल का विस्तार होने की तैयारी है। जानकारी के मुताबिक, कल यानी 7 मई को पटना स्थित गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि शपथ ग्रहण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन समेत कई अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहेंगे। संजय सरावगी के मुताबिक, NDA गठबंधन के अन्य नेता जैसे पूर्व मुख्यमंत्री और JDU अध्यक्ष नितीश कुमार, LJP(RV) के मुखिया चिराग पासवान और HAM(S) के चीफ जीतन राम मांझी भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने बिहार के 24वें और भाजपा से पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उनके साथ JDU के विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्रियों के तौर पर शपथ ली थी। तब से राज्य का संचालन इन तीन लोगों के द्वारा ही किया जा रहा था। 7 मई को गांधी मैदान में करीब 27 मंत्रियों के शपथ लेने की उम्मीद है। इनमें से 12 भाजपा से, 11 JDU से, 2 LJP (RV) से और HAM(S) एवं उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) से एक-एक मंत्री होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि नितीश कुमार के बेटे निशांत कुमार भी कल शपथ ले सकते हैं।
भाजपा की ओर से मंगल पांडे, राम कृपाल यादव, संजय सिंह टाइगर, विजय कुमार सिन्हा, डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल और श्रेयसी सिंह जैसे नाम चर्चा में हैं। हालांकि इस बार कुछ नए चेहरों को भी मौका मिल सकता है। वहीं JDU की ओर से अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मोहम्मद ज़मा खान और श्रवण कुमार मंत्रिमंडल में दिखाई दे सकते हैं। LJP(RV) की ओर से संजय कुमार सिंह एवं संजय पासवान की वापसी हो सकती है। HAM(S) की ओर से संतोष कुमार सुमन तथा RLM से दीपक प्रकाश या स्नेहलता कुशवाहा में से कोई एक मंत्री बन सकता है।