बिहार : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की NDA सरकार ने विधानसभा में जीता विश्वास मत

NDA में BJP के सर्वाधिक 88 सदस्य, JDU के 85, LJP-RV के 19, HAM-S के 5 और RLM के 4 विधायक शामिल हैं।

बिहार : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की NDA सरकार ने विधानसभा में जीता विश्वास मत

सम्राट चौधरी बिहार के 24वें और BJP से पहले मुख्यमंत्री है।

Share:

Highlights

  • मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सदन में विश्वास मत का प्रस्ताव रखा था, जिसे ध्वनि मत से जीता जा चुका है।
  • 243 सदस्यों वाली बिहार विधानसभा में NDA को 202 विधायकों के साथ प्रचंड बहुमत हासिल है।
  • इस अवसर पर JDU विधायक उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा की नीतीश कुमार का सुशासन का मॉडल जारी रहेगा।

बिहार की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली नेशनल डेमोक्रेटिक अलायन्स (NDA) सरकार ने बिहार विधानसभा में विश्वास मत जीत लिया है। मुख्यमंत्री चौधरी ने सदन में विश्वास मत का प्रस्ताव रखा था, जिसे ध्वनि मत से जीता जा चुका है। 243 सदस्यों वाली बिहार विधानसभा में NDA को 202 विधायकों के साथ प्रचंड बहुमत हासिल है। इनमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सर्वाधिक 88 सदस्य, जनता दल यूनाइटेड (JDU) के 85, लोक जनशक्ति पार्टी-राम विलास (LJP-RV) के 19, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा-सेक्युलर (HAM-S) के 5 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के 4 विधायक शामिल हैं।

विश्वास मत जीतने के बाद बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "NDA सरकार को समर्थन देने के लिए सभी का धन्यवाद और आभार। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्रियों को मेरी शुभकामनाएं। कल भी NDA सरकार थी, आज भी NDA सरकार है और कल भी NDA सरकार होगी। प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में एक विकसित भारत के लिए एक विकसित बिहार का निर्माण होगा।"

इस अवसर पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष और विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सदन में कहा, "विकास कार्यों के लिए सरकार को स्थिरता की आवश्यकता होती है। लेकिन बिहार एक अनूठा राज्य है, जहां पांच वर्षों में यह पांचवीं सरकार बनी है। हम सम्राट चौधरी को निर्वाचित मुख्यमंत्री से चुने हुए मुख्यमंत्री बनने के इस परिवर्तन के लिए धन्यवाद देना चाहते हैं। हमें खुशी है कि वो लालू प्रसाद यादव की पाठशाला से आते हैं। ये मुख्यमंत्री बने, इससे अच्छी बात हमारे लिए और क्या हो सकती है?"

JDU से विधायक उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा, "नीतीश कुमार का सुशासन और विकास का मॉडल जारी रहेगा।" RJD के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के बयान पर उन्होंने कहा, "वह और क्या कह सकते हैं? अगर तेजस्वी यादव लालू यादव के बेटे न होते, तो क्या वह एक भी वार्ड जीत पाते? उनकी पाठशाला अपराध, लूट और भ्रष्टाचार की पाठशाला है। तेजस्वी यादव को सोचना चाहिए कि वो खुद कहां से आते हैं।"

रिलेटेड टॉपिक्स