बिहार की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर सीट पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) अपना प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। पार्टी ने अभिषेक कुमार 'बंटी' को इस सीट पर उतारा है। आज उन्होंने उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र भी दाखिल कर दिया है। इस दौरान नेशनल डेमोक्रेटिक अलायन्स (NDA) के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद, बिहार में BJP के अध्यक्ष संजय सरावगी, लोक जनशक्ति पार्टी-राम विलास (LJP-RV) की शांभवी चौधरी समेत कई अन्य लोग भी उपस्थित थे। एक बार फिर याद दिला दें कि, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 2010 से 2026 तक बांकीपुर के विधायक थे। अप्रैल में उनके राज्यसभा सदस्य बनने के बाद यह सीट खाली हो गई, जिससे उपचुनाव की आवश्यकता पड़ी।
सूत्रों के मुताबिक, अभिषेक नितिन नबीन के बेहद करीबी माने जाते हैं। वे पिछले 26-27 वर्षों से पार्टी और संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और फिलहाल BJP युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। नितिन ने भी X पर उन्हें बधाई देते हुए लिखा, "नमन् बांकीपुर! बांकीपुर के लाल और पार्टी के एक जमीनी, स्थानीय और युवा कार्यकर्ता, जिन्होंने बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया, ऐसे श्री अभिषेक कुमार सिन्हा ‘बंटी’ जी को भाजपा प्रत्याशी बनाये जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। बांकीपुर की देवतुल्य जनता ने मुझे अपनी सेवा का अवसर दिया। निश्चित रूप से, बांकीपुर के मेरे परिवारजन श्री अभिषेक कुमार सिन्हा ‘बंटी’ जी को भी इस बार अपनी सेवा का अवसर देकर आशीर्वाद प्रदान करेंगे।"
इस मौके पर अभिषेक कुमार ने कहा कि आज मेरे जीवन का बहुत ही बड़ा दिन है। मैंने 26 सालों तक भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के तौर पर बूथ और मंडल स्तर पर काम किया है। आज पार्टी ने मुझे NDA का उम्मीदवार बनाया है। मुझ जैसे कार्यकर्ता को इतना बड़ा मौका देने के लिए सभी का दिल से शुक्रिया अदा करता हूँ। इस सीट पर अब पांच उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होना तय है। BJP के अभिषेक कुमार के अलावा राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की रेखा कुमारी/गुप्ता, जन सुराज पार्टी (JSP) के प्रशांत किशोर, जनशक्ति जनता दल (JJD) की वीणा मानवी और राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) के तनवीर आलम भी चुनावी मैदान में उतरे हैं।