विधानसभा चुनावों के साथ-साथ कर्नाटक, त्रिपुरा और नागालैंड की कुछ सीटों पर हो रहे उप-चुनाव

कर्नाटक में दावणगेरे दक्षिण और बागलकोट, त्रिपुरा में धर्मनगर और नागालैंड में कोरीडांग सीट पर विधायक चुनने के लिए मतदान जारी है।

विधानसभा चुनावों के साथ-साथ कर्नाटक, त्रिपुरा और नागालैंड की कुछ सीटों पर हो रहे उप-चुनाव

दावणगेरे दक्षिण सीट के लिए कांग्रेस के समर्थ मल्लिकार्जुन और भाजपा के श्रीनिवास दासकरियप्पा के बीच जंग है।

Share:

Highlights

  • नागालैंड के कोरीडांग में दोपहर 1 बजे तक 59.52% वोटर टर्नआउट दर्ज किया गया है।
  • त्रिपुरा की धर्मनगर विधानसभा सीट पर 52.76% वोटिंग दर्ज की गई है।
  • कर्नाटक के बागलकोट में 43.75% और दावणगेरे दक्षिण में 37.17% वोटिंग दर्ज हुई है।

जहां एक ओर असम, केरलम और पुदुचेरी में विधानसभा चुनावों के लिए वोटिंग शुरू हो चुकी हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ राज्यों में उप-चुनाव भी जारी हैं। कर्नाटक की 2, त्रिपुरा की एक और नागालैंड की भी एक सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं। कर्नाटक में दावणगेरे दक्षिण और बागलकोट, त्रिपुरा में धर्मनगर और नागालैंड में कोरीडांग सीट पर विधायक चुनने के लिए मतदान जारी है। 

कुछ समय पूर्व, इन सभी सीटों पर चुने सदस्यों की किसी शारीरिक समस्या अथवा अधिक आयु के कारण मौत हो गई थी। दोपहर 1 बजे तक कोरीडांग में सर्वाधिक 59.52% वोटर टर्नआउट दर्ज किया गया है। वहीं धर्मनगर में 52.76% वोटिंग दर्ज की गई है। इनके अलावा कर्नाटक की दोनों सीटों पर मतदान प्रतिशत फिलहाल थोड़ा कम नजर आ रहा है। जहां बागलकोट में अब तक 43.75% मतदान हुआ है, वहीं दावणगेरे दक्षिण में 1 बजे तक 37.17% वोटिंग दर्ज हुई है।

धर्मनगर सीट से भाजपा की ओर से जहर चक्रवर्ती मैदान में हैं, वहीं CPI(M) की ओर से अमिताभ दत्त चुनाव लड़ रहे हैं। इन दोनों के अतिरिक्त, कांग्रेस से चयन भट्टाचार्जी और आमरा बंगाली की ओर से बिभास रंजन दास अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। 2023 में भाजपा के बिस्वा बंधु सेन इस सीट से विजयी हुई थे। सेन 2008 से लगातार धर्मनगर से जीतते आ रहे थे। वे विधानसभा के डिप्टी स्पीकर और बाद में स्पीकर के रूप में भी काम कर चुके थे। दिसंबर 2025 में 72 वर्षीय बिस्वा बंधु सेन की ब्रेन हेमरेज की कॉम्प्लीकेशन्स के कारण मौत हो गई थी।

नागालैंड में कोरीडांग सीट से डी. आई. इमचेन भाजपा प्रत्याशी होंगे। उनके अलावा कांग्रेस ने टी. चालुकुंबा ओ तथा NPP ने आई. अबेनजांग इमचेन को अपने कैंडिडेट के तौर पर उतारा है। 2023 में इस विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के इमकॉन्ग एल. इमचेन ने जीत हासिल की थी। इमचेन का 2003 से लगातार इस सीट पर कब्जा था। इससे पूर्व इमचेन नागालैंड मंत्रिमंडल में मंत्री के तौर में भी काम कर चुके थे। नवंबर 2025 में 75 वर्षीय इमचेन का हार्ट अटैक के कारण निधन हो गया था। 

दावणगेरे दक्षिण सीट के लिए कांग्रेस के समर्थ मल्लिकार्जुन और भाजपा के श्रीनिवास टी. दासकरियप्पा के बीच जंग है। समर्थ के दादा शामनुरू शिवशंकरप्पा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे हैं। वो 2008 से 2025 तक इस सीट से विधायक भी रह चुके हैं। शिवशंकरप्पा कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के कोषाध्यक्ष और राज्य सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। समर्थ के पिता एस. एस. मल्लिकार्जुन 2023 से दावणगेरे उत्तर सीट से विधायक हैं। 2013 के चुनावों में भी वो इस सीट पर विजय प्राप्त कर चुके हैं। वहीं समर्थ की माता डॉ. प्रभा मल्लिकार्जुन भी दावणगेरे लोकसभा सीट से 2024 से सांसद हैं। दिसंबर 2025 में 94 वर्षीय शिवशंकरप्पा की मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के कारण मौत हो गई थी।

अंत में जिक्र करें बागलकोट का, तो यहां से कांग्रेस ने उमेश मेती और भाजपा ने वीरभद्रय्या चरंथीमठ को उतारा है। 2023 में इस सीट पर कांग्रेस के हुल्लप्पा यमनप्पा मेती ने जीत हासिल की थी। वो 2013 से 2018 तक भी यहां से विधायक और राज्य सरकार में मंत्री के तौर पर काम कर चुके हैं। नवंबर 2025 में 79 वर्षीय मेती की मौत हो गई थी। 4 मई को विधानसभा चुनावों और उप-चुनावों के नतीजे घोषित किए जाएंगे

रिलेटेड टॉपिक्स
Most Popular