केंद्र सरकार का बड़ा फैसला : एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक हुए रिहा, लद्दाख में संवाद की कोशिश

केंद्र सरकार ने एक्टिविस्ट और पर्यावरणविद सोनम वांगचुक की हिरासत को तत्काल प्रभाव से खत्म करने का निर्णय लिया है। उन्हें 26 सितंबर 2025 को लेह में कानून-व्यवस्था बिगड़ने के बाद NSA के तहत हिरासत में लिया गया था। सरकार का कहना है कि यह फैसला लद्दाख में शांति बहाल करने और अलग-अलग पक्षों के बीच बातचीत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से लिया गया है। हाल के महीनों में बंद और विरोध प्रदर्शनों से पर्यटन, व्यापार और छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हुई थी, इसलिए माहौल सामान्य बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है।

केंद्र सरकार का बड़ा फैसला : एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक हुए रिहा, लद्दाख में संवाद की कोशिश

सोनम वांगचुक को 26 सितंबर 2025 को NSA के तहत हिरासत में लिया गया था।

Share:

Highlights

  • केंद्र सरकार ने सोनम वांगचुक की NSA के तहत हुई हिरासत खत्म करने का फैसला लिया।
  • सरकार ने कहा कि यह कदम लद्दाख में शांति और संवाद का माहौल बनाने के लिए उठाया गया है।
  • सरकार ने यह भी दोहराया है कि लद्दाख की सुरक्षा और स्थिरता उसके लिए बेहद महत्वपूर्ण है

एक्टिविस्ट, इनोवेटर और पर्यावरणविद सोनम वांगचुक से जुड़े मामले में केंद्र सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने उनकी हिरासत को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने का फैसला लिया है। ये फैसला इसलिए लिया गया है ताकि लद्दाख में शांति और स्थिरता का माहौल बनाया जा सके और अलग-अलग पक्षों के बीच बातचीत का रास्ता आसान हो सके। दरअसल 24 सितंबर 2025 को लद्दाख के लेह शहर में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने के बाद प्रशासन को सख्त कदम उठाने पड़े थे। उसी दौरान लेह के डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट ने सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए आदेश जारी किया था। इस आदेश के आधार पर 26 सितंबर 2025 को नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (NSA) के तहत हिरासत में लिया गया था। यह कदम कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए लिया गया था। 

सरकारी जानकारी के मुताबिक, सोनम वांगचुक अपनी हिरासत की अवधि का लगभग आधा हिस्सा पूरा कर चुके थे। इसी बीच केंद्र सरकार लद्दाख के अलग-अलग समूहों और नेताओं से बातचीत कर रही थी। सरकार का कहना है कि वो क्षेत्र के लोगों की चिंताओं-अपेक्षाओं को समझने और उनका समाधान खोजने के लिए संवाद का रास्ता अपनाना चाहती है। हालांकि पिछले कुछ समय से लद्दाख में बंद और विरोध प्रदर्शनों का माहौल भी बना हुआ था। इसका असर वहां की सामान्य जिंदगी पर भी पड़ा। खासकर छात्रों, पर्यटन से जुड़े लोगों और व्यापारियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही लद्दाख की पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था पर भी इसका नकारात्मक असर देखने को मिला। 

इन परिस्थितियों को देखते हुए सरकार ने स्थिति को सामान्य बनाने के लिए यह फैसला लिया है। सरकार का मानना है कि अगर माहौल शांत और सकारात्मक रहेगा तो सभी पक्षों के बीच बातचीत करना आसान होगा। इसी सोच के साथ सोनम वांगचुक की हिरासत खत्म करने का निर्णय लिया गया है। सरकार ने यह भी दोहराया है कि लद्दाख की सुरक्षा और स्थिरता उसके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाते रहेंगे। साथ ही सरकार को उम्मीद है कि उच्चाधिकार समिति और अन्य मंचों के जरिए बातचीत और सहयोग की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और क्षेत्र से जुड़े मुद्दों का समाधान मिलकर निकाला जा सकेगा।

रिलेटेड टॉपिक्स