नेताजी के अपमान पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सख्त, विवादित टिप्पणी करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश

इस मामले में प्रदेश सरकार में मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने भी X पर एक वीडियो जारी किया और लिखा, "नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारत का शाश्वत गौरव हैं। उनका अटूट साहस, दूरदर्शी सोच और सर्वोच्च बलिदान हमेशा हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे। राजबंशी समुदाय और पूरा बंगाल एकजुट होकर उस नायक के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त करते हैं, जिन्होंने हमें आजादी के लिए लड़ना सिखाया।"

नेताजी के अपमान पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सख्त, विवादित टिप्पणी करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश

उन्होंने कहा की नेताजी के खिलाफ बंगाल की धरती से इस तरह के बयान बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

Share:

Highlights

  • भाजपा सांसद नागेंद्र राय उर्फ अनंत महाराज के बयान के बाद ये पूरा विवाद शुरू हुआ।
  • भाजपा पश्चिम बंगाल के पूर्व अध्यक्ष तथागत रॉय ने इन टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई।
  • पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी नेताजी पर विवादित बयान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

पश्चिम बंगाल सरकार ने महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ सख्त रूख अपनाया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस को ऐसे लोगों के विरूद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ किया कि नेताजी का अपमान करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री अधिकारी ने कहा कि नेताजी के खिलाफ पश्चिम बंगाल की धरती से इस तरह के बयान बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। पुलिस सख्त और उचित कदम उठाएगी।

ये पूरा विवाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राज्यसभा सांसद नागेंद्र राय उर्फ अनंत महाराज के नेताजी सुभाष चंद्र बोस और आजाद हिंद फौज (INA) को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है की उन्होंने नेताजी को युद्ध अपराधी बताया तथा स्वाधीनता संग्राम में INA की भूमिका पर भी सवाल उठाए नागेंद्र राय को 2023 में BJP ने पश्चिम बंगाल से राज्यसभा भेजा था। उनके बयान के बाद प्रदेश में कई लोगों द्वारा विभिन्न प्रकार की प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं। BJP पश्चिम बंगाल के पूर्व अध्यक्ष तथागत रॉय ने भी इस पर कड़ी आपत्ति जताई।

कुछ दिन पहले उन्होंने X पर एक पोस्ट भी किया था, जिसमें उन्होंने लिखा, "क्या BJP के केंद्रीय नेतृत्व को यह जानकारी है कि पश्चिम बंगाल के कूचबिहार से BJP के राज्यसभा सदस्य अनंत महाराज, नेताजी सुभाष चंद्र बोस के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक बयान दे रहे हैं? बंगाली हिंदुओं के लिए तीन महापुरुषों पर कोई सवाल नहीं उठाया जा सकता: रवींद्रनाथ टैगोर, स्वामी विवेकानंद और नेताजी सुभाष। जो भी इन तीनों के साथ खिलवाड़ करेगा, उसे बंगाली हिंदुओं के गुस्से का सामना करना पड़ेगा।"

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने यह भी लिखा कि, "इस तथाकथित 'महाराज' को, जिसके बारे में मैंने पहले कभी नहीं सुना था, बंगालियों और राजबंशियों के बीच फूट डालने के लिए राजनीति में उतारा गया है। नेताजी सुभाष के बारे में बुरा-भला कहना इसी साजिश का हिस्सा है। मुझे उम्मीद है कि BJP का केंद्रीय नेतृत्व इस स्थिति से वाकिफ है।" कल पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता के श्यामबाजार में नेताजी पर की गई टिप्पणियों के खिलाफ एक विरोध प्रदर्शन भी किया।

इस मामले में प्रदेश सरकार में मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने भी X पर एक वीडियो जारी किया और लिखा, "नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारत का शाश्वत गौरव हैं। उनका अटूट साहस, दूरदर्शी सोच और सर्वोच्च बलिदान हमेशा हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे। राजबंशी समुदाय और पूरा बंगाल एकजुट होकर उस नायक के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त करते हैं, जिन्होंने हमें आजादी के लिए लड़ना सिखाया। हम उन लोगों की कड़ी निंदा करते हैं और उनके दावों को खारिज करते हैं जो बिना सही इतिहास जाने, राजबंशी समुदाय और कूचबिहार के राजा का नाम खराब करके नेताजी की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। नेताजी हमारे नायक हैं और हमेशा रहेंगे!"

रिलेटेड टॉपिक्स