मुख्यमंत्री योगी ने बलिया में बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया हवाई सर्वेक्षण, बांटी राहत सामग्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उत्तर प्रदेश के जल शक्ति और आपदा प्रबंधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, बलिया के प्रभारी मंत्री दया शंकर मिश्र 'दयालु', परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दया शंकर सिंह, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ और हज राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, विधायक केतकी सिंह समेत कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री योगी ने बलिया में बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया हवाई सर्वेक्षण, बांटी राहत सामग्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित परिवारों का कुशल-क्षेम जाना।

Share:

Highlights

  • मुख्यमंत्री योगी ने बताया की बाढ़ के कारण 1,71,000 से ज्यादा लोग और 251 गांव प्रभावित हुए।
  • मुख्यमंत्री योगी के अनुसार अब तक 1,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाढ़ राहत केंद्रों में ठहराया गया है।
  • प्रभावित लोगों को राहत किट उपलब्ध कराई गई है जिसमें आटा, चावल, चीनी, नमक और तेल जैसी कई वस्तुएं शामिल है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बलिया जिले में बाढ़ से प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद, उन्होंने एक कार्यक्रम में राहत सामग्री भी बांटी। उनके साथ उत्तर प्रदेश के जल शक्ति और आपदा प्रबंधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, बलिया के प्रभारी मंत्री दया शंकर मिश्र 'दयालु', परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दया शंकर सिंह, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ और हज राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, विधायक केतकी सिंह समेत कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे।

इसकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, "महर्षि भृगु की पावन साधना स्थली जनपद बलिया में आज बांसडीह, बैरिया और बलिया सदर विधान सभा क्षेत्रों में बाढ़ प्रभावित स्थानों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर प्रभावित परिवारों का कुशल-क्षेम जाना और उन्हें राहत सामग्री भी वितरित की। डबल इंजन सरकार आपकी सुरक्षा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए हर कदम पर साथ खड़ी है।"

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस कार्यक्रम को संबोधित भी किया। उन्होंने बताया कि हाल ही में राज्य में अतिवृष्टि के कारण लगभग 26 जिलों में अलग-अलग स्तर पर बाढ़ आई। इन जिलों में लगातार राहत कार्य चलाए गए। मुख्यमंत्री ने बताया कि 1,71,000 से ज्यादा लोग और 251 गाँव प्रभावित हुए। अब तक 1,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाढ़ राहत केंद्रों में रखा गया है। इसके लिए 447 बाढ़ चौकियाँ बनाई गई हैं। 

राहत कार्यों की देखरेख के लिए हर जिले में राहत केंद्र बनाए गए हैं। प्रभावित लोगों के लिए बनाए गए राहत केंद्रों में भोजन की व्यवस्था की गई है और बांटने के लिए राहत किट भी उपलब्ध कराई गई हैं। राहत किट में 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, 2 किलो अरहर की दाल, 2 किलो भुने हुए चने, 1 किलो चीनी, 10 पैकेट बिस्कुट, माचिस का एक पैकेट, मोमबत्तियों का एक पैकेट, नमक और तेल जैसी कई जरूरी वस्तुएं शामिल हैं। इसके अलावा, टीकाकरण, दवाइयां और पशुओं के लिए जरूरी चारा, जैसे भूसा और चोकर उपलब्ध कराने के उपाय भी किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से अपने संबोधन के दौरान कई अन्य बातें भी कहीं। उन्होंने समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अभी जो राहत सामग्री इतनी बड़ी मात्रा में बांटी जा रही है, वह SP सरकार के समय 500 ग्राम भी नहीं होती थी। 'SP के गुंडे' गरीबों का हक हड़प लेते थे। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तो बलिया में बाबा भृगु के नाम पर एक मेडिकल कॉलेज का निर्माण होने जा रहा है। बाबा भृगु के धाम के कॉरिडोर का भी निर्माण हो रहा है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस, जिसने लोकतंत्र का गला घोंटा था, आज SP उसी कांग्रेस की पिछलग्गू बन गई है। आज SP उसी कांग्रेस के हाथों बंधक बन गई है जिसने जयप्रकाश जी के सपनों को बर्बाद कर दिया था।

रिलेटेड टॉपिक्स