उत्तर प्रदेश में क्रिकेट प्रेमियों के लिए आज एक अच्छी खबर आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गुरु गोरखनाथ की पावन नगरी गोरखपुर में गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (प्रथम चरण) का भूमिपूजन और शिलान्यास किया गया। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी और गोरखपुर से लोकसभा सांसद रवि किशन समेत कई अन्य लोग भी उपस्थित रहे। जानकारी के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट की कुल लागत 393 करोड़ रूपए है और ये 46 एकड़ में फैला है। स्टेडियम बनने के बाद इसमें 30 हजार दर्शक बैठकर क्रिकेट मैचों का आनंद ले सकेंगे। भूमिपूजन और शिलान्यास के बाद केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वहां उपस्थित लोगों को संबोधित भी किया।
केंद्रीय मंत्री पुरी ने अपने भाषण में कहा, "गोरखपुर की इस पावन धरती पर उपस्थित होना, मेरे लिए अत्यंत प्रसन्नता और गर्व का विषय है। आज का ये अवसर केवल एक परियोजना के शुभारंभ का कार्यक्रम नहीं है। ये भारत के सपनों, ऊर्जा और संभावनाओं को नई दिशा देने का संकल्प है। उत्तर प्रदेश ने पिछले कुछ वर्षों से जो परिवर्तन देखा है, वो अद्भुत है। मै मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देना चाहता हूँ। वर्ष 2017 से लेकर आज तक लगभग एक दशक में उत्तर प्रदेश में जो पहचान बनाई है, वो पूरे देश के लिए उदाहरण हैं। एक समय था जब उत्तर प्रदेश को जनसंख्या और संभावनाओं वाले प्रदेश के तौर पर देखा जाता था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश सुशासन, विकास और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जाना जाता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "इस समय, पूरी दुनिया पश्चिम एशिया के संकट का सामना कर रही है। पूरी दुनिया में उथलपुथल है। पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतें आसमान छू रही हैं और अनिश्चितता की स्थिति है। दुनिया के कई देशों में विवशता है। उन स्थितियों में भारत के अंदर माननीय प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन और उनके यशस्वी नेतृत्व में, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री, हरदीप सिंह पुरी जी ने बेहतरीन प्रबंधन का प्रदर्शन किया है। भले ही पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस क्षेत्र दबाव में हो, फिर भी आम लोगों को राहत पहुँचाने के प्रयास किए गए हैं। पिछले 60 दिनों से जारी वैश्विक संकट के बावजूद, आपने जनता को राहत सुनिश्चित की है और व्यवस्था के सुचारू संचालन तथा उचित प्रबंधन को बनाए रखने के लिए काम किया है। इसके लिए, उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से भी, मैं आपको ह्रदय से धन्यवाद देता हूँ और आपका अभिनन्दन करता हूँ।”