
नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की तबीयत अचानक बिगड़ने के पश्चात बुधवार (1 अक्टूबर) को उन्हें बेंगलुरु के MS रामैया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। खबर है कि उन्हें मंगलवार (30 सितंबर) से ही बुखार और पेट दर्द की शिकायत थी। फिलहाल वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। जल्द ही उनकी हेल्थ रिपोर्ट जारी होने की संभावना है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने जानकारी दी कि मल्लिकार्जुन खड़गे की तबीयत को लेकर चिंता की कोई बड़ी वजह नहीं है और वे धीरे-धीरे स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं।
आगामी कार्यक्रम :
मल्लिकार्जुन खड़गे का 7 अक्टूबर को नागालैंड की राजधानी कोहिमा जाने का कार्यक्रम तय हो चुका है। वहां वे नगा सॉलिडेरिटी पार्क में एक जनसभा को संबोधित करने वाले है। इस कार्यक्रम को लेकर नागालैंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और लोकसभा सांसद S. सुपोंगमेरेन जामिर ने पहले ही जानकारी भी साझा की थी।
राजनीतिक सफर :
खबरों का कहना है कि मल्लिकार्जुन खड़गे अक्टूबर 2022 में कांग्रेस अध्यक्ष बने थे और वे इस पद पर पहुंचने वाले पहले गैर-गांधी परिवार के नेता हैं। उनके नेतृत्व में पार्टी ने कई चुनाव लड़े। वे लंबे वक़्त से राजनीति में सक्रिय हैं और सांसद, केंद्रीय मंत्री तथा विपक्ष के नेता जैसे अहम पदों पर कार्य कर चुके हैं।
बिहार चुनाव पर फोकस :
इस दौरान कांग्रेस बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी में व्यस्त है। पार्टी महागठबंधन के साथ मैदान में उतरी है। हालांकि, केंद्र में वापसी की राह कांग्रेस के लिए अभी कठिन बनी हुई है। उसे 2024 लोकसभा चुनाव, साथ ही राजस्थान और मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों में हार का सामना करना पड़ा था।