कटक : SCB मेडिकल कॉलेज के ICU में भीषण आग, 10 मरीजों की मौत, शॉर्ट सर्किट की आशंका

ओडिशा के कटक स्थित SCB मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा ICU में तड़के भीषण आग लगने से 10 मरीजों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घटना की जांच के आदेश देते हुए मृतकों के परिजनों को 25 लाख रूपए मुआवजे की घोषणा की।

कटक : SCB मेडिकल कॉलेज के ICU में भीषण आग, 10 मरीजों की मौत, शॉर्ट सर्किट की आशंका

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अस्पताल जाकर पीड़ित लोगों से की मुलाकात।

Share:

Highlights

  • कटक के SCB मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा ICU में तड़के भीषण आग लगने से 10 मरीजों की मौत।
  • शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट और AC सिस्टम से जुड़ी तकनीकी खराबी की आशंका।
  • मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने की मृतकों के परिजनों को 25 लाख रूपए मुआवजे की घोषणा।

ओडिशा के कटक शहर से एक बहुत ही दुःखद खबर सामने आई है। यहां के मशहूर श्रीराम चंद्र भंज (SCB) मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के ट्रॉमा केयर ICU में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। इस भयानक हादसे में 10 गंभीर रूप से बीमार मरीजों की मौत हो गई, वहीं कई अन्य लोग घायल हो गए। यह हादसा सुबह करीब 2:30 से 3 बजे के बीच हुआ। जानकारी के मुताबिक, अस्पताल की पहली मंजिल पर स्थित ट्रॉमा केयर यूनिट में अचानक धुआं भरने लगा। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। बताया जा रहा है कि आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है, जो शायद एयर कंडिशनिंग (AC) सिस्टम या किसी अन्य मशीन के कारण हुई।

जैसे ही आग लगी, वैसे ही पूरे अस्पताल में अफरा-तफरी फैल गई। राहत की बात यह रही कि अस्पताल के कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों को निकालना शुरू कर दिया। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में अस्पताल के 11 कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। घटना के समय वहां कुल 23 मरीज मौजूद थे, जिनमें से 7 मरीजों की मौत ICU के अंदर ही हो गई, जबकि 3 अन्य मरीजों ने रेस्क्यू के बाद उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया और घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने आग में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष (CMRF) से 25 लाख रूपए के मुआवजे की घोषणा की। मुख्यमंत्री माझी ने इलाज करा रहे मरीजों से मुलाकात की और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य का आश्वासन दिया। साथ ही चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिया कि ICU से ट्रांसफर किए गए अन्य मरीजों को सर्वोत्तम उपचार प्रदान किया जाए। उन्होंने आग लगने की इस घटना की जांच के भी आदेश दिए हैं।

ओडिशा में विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी X पर लिखा, “कटक के SCB मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में आग लगने की घटना, जिसमें कई लोगों की जान चली गई, अत्यंत हृदयविदारक है। मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और दिवंगत आत्माओं की चिर शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। इसके साथ ही, मैं आग में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मैं राज्य सरकार से आग्रह करता हूं कि वे सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया और घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रूपए की मुआवजा राशि दी जाएगी।

रिलेटेड टॉपिक्स