भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल न्यूजीलैंड पहुंच चुके हैं। उनके पहुंचने पर, प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। ऑकलैंड में आयोजित सामुदायिक कार्यक्रम में, प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले उत्सव देखे। इन आयोजनों में पंजाब और तमिलनाडु की संस्कृति, कर्नाटक और हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत का मिश्रण और 'वंदे मातरम' की शानदार प्रस्तुति शामिल थी।
प्रधानमंत्री मोदी ऑकलैंड के गवर्नमेंट हाउस में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन से मुलाकात की। वहां पहुंचने पर उनका पारंपरिक माओरी तरीके से स्वागत किया गया। इस समारोह में शांति, सम्मान और स्वागत के प्रतीक पारंपरिक माओरी रीति-रिवाज शामिल थे। पारंपरिक स्वागत के बाद, प्रधानमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने लक्सन के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत भी की।
सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीर साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, "आज सुबह ऑकलैंड में PM लक्सन के साथ विस्तृत और फलदायी चर्चा हुई। पिछले साल उनकी भारत यात्रा ने हमारे द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊर्जा दी थी और आज मेरी यात्रा, जो चार दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा है, ने भारत-न्यूजीलैंड की दोस्ती को और गति दी है। हमने अपने संबंधों को स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप के स्तर तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। हम स्पष्ट लक्ष्यों और ठोस परिणामों के साथ हर क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे।"
प्रधानमंत्री लक्सन के साथ बातचीत में जिन मुख्य विषयों पर चर्चा हुई, उनमें व्यापार, टेक्नोलॉजी और निवेश के संबंध शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने आगे बताया, "कृषि, डेयरी और फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में सहयोग के लिए एक मजबूत ढांचा भी तैयार किया है। हेल्थकेयर और पारंपरिक चिकित्सा पर जोर देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में हमारा बढ़ता सहयोग हमारे दोनों देशों के बीच गहरे रणनीतिक भरोसे को दर्शाता है। हम इस दिशा में आगे भी काम करते रहेंगे।"
आखिर में, प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, "PM लक्सन और मेरा पक्का मानना है कि हमारे रिश्तों की सबसे बड़ी ताकत हमारे लोगों के बीच के आपसी संबंध हैं। इसी भावना के साथ, हम शिक्षा, खेल, संस्कृति, विरासत और क्रिएटिव इंडस्ट्रीज के क्षेत्रों में सहयोग को और बढ़ाएंगे।" दोनों देशों के नेताओं ने भारत-न्यूजीलैंड बिजनेस इवेंट में भी हिस्सा लिया।
प्रधानमंत्री मोदी और लक्सन ने एक स्पोर्ट्स इवेंट में भी हिस्सा लिया। इसकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा करते हुए उन्होंने लिखा, "खेल हमेशा से भारत और न्यूजीलैंड के बीच एक मजबूत कड़ी रहे हैं। इस साल हम अपने जीवंत खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने का जश्न भी मना रहे हैं। ऑकलैंड में, प्रधानमंत्री लक्सन और मैंने एक 'स्पोर्टिंग शोकेस' में हिस्सा लिया, जहाँ हमने खेलों से जुड़े कई आधुनिक इनोवेशन देखे। यह देखना बहुत अच्छा लगा कि कैसे टेक्नोलॉजी और क्रिएटिविटी खेलों के भविष्य को आकार दे रहे हैं और साथ ही हमारे दोनों देशों को और भी करीब ला रहे हैं।"