दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के त्योहार के दिन हुई एक छोटी सी घटना ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि एक 26 वर्षीय निर्दोष व्यक्ति तरूण कुमार की जान चल गई। मामला एक मामूली पानी के गुब्बारे से शुरू हुआ था, जो अब इलाके में तनाव का कारण बन गया है। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में बहुत गुस्सा है और वहां का माहौल काफी संवेदनशील बना हुआ है। ये पूरी घटना होली के दिन यानी 4 मार्च की है। उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में एक हिन्दू परिवार की 11 साल की बच्ची अपने घर की छत से पानी के गुब्बारे फेंक रही थी। इनमें से एक गुब्बारा एक मुस्लिम महिला को लगा, जिसके बाद उसने आपत्ति जताई। बताया जा रहा है कि महिला द्वारा अपशब्द कहे जाने के बाद उनके बीच बहस बढ़ गई।
मृतक तरूण के परिवार का कहना है कि उन्होंने माफी भी मांग ली थी और 11 साल की बच्ची से भी माफी मंगवाई गई थी। उस समय लगा कि मामला सुलझ गया है। लेकिन जब तरूण रात को होली खेलकर अपने दोस्तों के साथ लौट रहा था, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि 8 से 10 लोगों ने तरूण को घेर लिया और लाठी-डंडों व पत्थरों से उस पर हमला कर दिया। इस मारपीट में तरूण को गंभीर चोटें आईं और उसे अस्पताल भी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। तरूण पेशे से एक इंटीरियर डिजाइनर बनना चाहता था। जानकारी के मुताबिक, मृतक का परिवार और दूसरा पक्ष काफी समय से एक-दूसरे को जानते हैं और उनके बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों पर झगड़े और मारपीट होती रहती है।
तरूण की मौत की खबर मिलते ही उत्तम नगर में भारी हंगामा शुरू हो गया। स्थानीय लोगों और कुछ संगठनों ने मिलकर सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन के नीचे सड़क जाम कर दी। गुस्साई भीड़ ने कुछ वाहनों को आग के हवाले कर दिया। स्थिति को बिगड़ते देख दिल्ली पुलिस ने इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया है। पूरी कॉलोनी पर नजर रखी जा रही है ताकि कोई और अप्रिय घटना न हो। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। अन्य बचे आरोपियों की तलाश जारी है।