मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कहा आतंकवादी, बाद में दिया स्पष्टीकरण

AIADMK की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा, "AIADMK के ये लोग, जिन्होंने खुद अन्नादुराई की तस्वीर लगाई, वे मोदी से कैसे जुड़ सकते हैं? वह एक आतंकवादी है। उसकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं करती। ये लोग उनके साथ जुड़ रहे हैं, इसका मतलब है कि वे लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं।"

मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कहा आतंकवादी, बाद में दिया स्पष्टीकरण

इस प्रेस वार्ता में उनके साथ लोकसभा सांसद के. सी. वेणुगोपाल भी मौजूद थे।

Share:

Highlights

  • लोकसभा सांसद डॉ. संबित पात्रा ने इसे कांग्रेस पार्टी का सोचा-समझा षडयंत्र बताया।
  • भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने दावा किया की मल्लिकार्जुन खरगे राहुल गांधी द्वारा दी गई स्क्रिप्ट के अनुसार बोल रहे है।
  • भाजपा तमिलनाडु के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने खरगे से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे विवादों में घिर गए है। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में एक प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कह दिया। AIADMK की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा, "AIADMK के ये लोग, जिन्होंने खुद अन्नादुराई की तस्वीर लगाई, वे मोदी से कैसे जुड़ सकते हैं? वह एक आतंकवादी है। उसकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं करती। ये लोग उनके साथ जुड़ रहे हैं, इसका मतलब है कि वे लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं।"

हालांकि इसके तुरंत बाद उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि, "प्रधानमंत्री मोदी लोगों और राजनीतिक दलों को डरा रहे हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि वह आतंकवादी हैं। मेरा मतलब यह है और मैं साफ करना चाहता हूं, कि मोदी हमेशा धमकी देते हैं। ED, इनकम टैक्स और CBI जैसी संस्थाएं उनके नियंत्रण में हैं। वह परिसीमन को भी अपने हाथ में लेना चाहते हैं।"

प्रधानमंत्री मोदी को लेकर इस तरह के बयान के बाद, BJP भी एक्टिव हो गई। पुरी से लोकसभा सांसद डॉ. संबित पात्रा ने उन्हें करारा जवाब देते हुए कहा, "यह न केवल निंदनीय है, बल्कि ये कांग्रेस पार्टी की मानसिकता को भी दर्शाता है। यह कोई स्लिप ऑफ टंग नहीं है। भले ही वह कोई सफाई दे रहे हों, लेकिन याद रखें कि यह कांग्रेस पार्टी का एक सोचा-समझा षडयंत्र है। हर रोज, राहुल गांधी अपने भाषणों में प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करते हैं और आज राहुल के इशारे पर, मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहा।"

उन्होंने आगे कहा, "यह वही कांग्रेस पार्टी है जो ओसामा बिन लादेन को 'ओसामा जी' कहकर बुलाती है। यह वही कांग्रेस पार्टी है जो बड़े-बड़े आतंकवादियों के साथ खड़ी नजर आती है, फिर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहती है। यह वही कांग्रेस पार्टी है जो जाकिर नाइक को शांति का दूत बताती है। कांग्रेस पार्टी को याद रखना चाहिए कि जब भी कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री का अपमान किया है, भारत की जनता ने उसे दंडित किया है।"

राज्यसभा सांसद खरगे की इस टिप्पणी के बाद, BJP के अन्य नेता भी उन पर हावी हैं। BJP नेता गौरव वल्लभ ने कहा कि, "जिस पार्टी ने 55-60 साल तक सरकार चलाई, उसके मुखिया की भाषा देखिए। वे कह रहे हैं कि भारत के चुने हुए प्रधानमंत्री आतंकवादी हैं और सारा गांधी परिवार खामोश बैठा है, उसको मौन स्वीकृति दे रहा है। मुझे लगता है कि वे खरगे जी राहुल गांधी द्वारा दी गई स्क्रिप्ट के अनुसार बोल रहे हैं। इससे ज्यादा बौद्धिक और नैतिक पतन किसी भी राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष का नहीं हो सकता। भारत की जनता आपको नकार रही है तो क्या आप भारत के चुने हुए प्रधानमंत्री के बारे में बुरा बोलेंगे? जो भी इस गाली को सुन रहा है, वह आने वाले चुनावों में EVM के जरिए इसका जवाब देगा।"

BJP तमिलनाडु के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने इस पूरे मुद्दे पर कहा कि, "उन्होंने बहुत ही घटिया भाषा का इस्तेमाल करना चुना है; उन्होंने प्रधानमंत्री के पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने की कोशिश की है और सीधे-सीधे PM मोदी को 'आतंकवादी' कह दिया है। अब हमारी कम से कम यह मांग है कि खरगे जी सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। तमिलनाडु आने के बाद, खरगे ने जमीनी हकीकत देख ली है। उन्हें पता है कि विपक्षी गठबंधन को भारी हार का सामना करना पड़ेगा। इसीलिए हताशा में आकर, वे इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। भारत में कुछ राजनेताओं को जल्द से जल्द राजनीति से संन्यास ले लेना चाहिए और खरगे जी के लिए यह सबसे उचित होगा।"

रिलेटेड टॉपिक्स