तेलंगाना के यादाद्री भुवनगिरी में फार्मा कंपनी में धमाका, 2 लोगों की मौत और 9 घायल

रिपोर्ट्स की मानें तो, पिछले तीन महीनों में यह इस तरह की दूसरी घटना है। 16 जुलाई को, आंध्र प्रदेश के अनंतपुर के कर्मचारी कृष्णा रेड्डी की मौत कथित तौर पर यूनिट के एक रिएक्टर से जहरीली गैस लीक होने से हुई थी।​

तेलंगाना के यादाद्री भुवनगिरी में फार्मा कंपनी में धमाका, 2 लोगों की मौत और 9 घायल

सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया गया है।

Share:

Highlights

  • कंपनी की पहचान हेजेलो लैब प्राइवेट लिमिटेड के तौर पर की गई है।
  • पुलिस के अनुसार यह घटना शुक्रवार देर रात शिफ्ट बदलने के दौरान हुई।
  • रिपोर्ट्स के मुताबिक पिछले तीन महीनों में ऐसी यह दूसरी घटना है।

तेलंगाना के यादाद्री भुवनगिरी जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां एक फार्मास्युटिकल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में रिएक्टर फटने के बाद भीषण आग लग गई। इस घटना में 2 लोगों की मौत हो गई और 9 अन्य घायल हो गए। कंपनी की पहचान हेजेलो लैब प्राइवेट लिमिटेड (Hazelo Lab Private Limited) के तौर पर हुई है। पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार देर रात शिफ्ट बदलने के दौरान हुई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया गया।

घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, घायलों में से दो लोग 50 प्रतिशत तक जल गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फायर डिपार्टमेंट के एक अधिकारी के मुताबिक, "हमें कल रात करीब 10.30 बजे स्थानीय लोगों से एक कॉल आया कि एक फार्मा कंपनी में धमाका हुआ है। चौतुप्पल से एक और दूसरी जगहों से दो फायर गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।"

उन्होंने आगे बताया, "यह घटना यादाद्री भुवनगिरी जिले के पोचमपल्ली मंडल के डोटिगुडेम गांव में हेजेलो लैब प्राइवेट लिमिटेड में हुई। इसमें दो लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हमें शक है कि शायद कोई रिएक्टर फटा होगा और हम अभी धमाके की वजह की जांच कर रहे हैं।" मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट्स की मानें तो, पिछले तीन महीनों में यह इस तरह की दूसरी घटना है। 16 जुलाई को, आंध्र प्रदेश के अनंतपुर के कर्मचारी कृष्णा रेड्डी की मौत कथित तौर पर यूनिट के एक रिएक्टर से जहरीली गैस लीक होने से हुई थी।​

रिलेटेड टॉपिक्स