महाराष्ट्र के नागपुर से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) मुख्यालय से मात्र 2-3 किलोमीटर दूर एक घर से विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। इस खबर से इलाके में हलचल मच गई है। लोग हैरान है कि इतनी संवेदनशील जगह पर इस तरह की चीजें कैसे पहुंच गईं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, CA रोड पर दोसर भवन चौक के पास एक घर में जिलेटिन स्टिक, 58 डेटोनेटर, कनेक्टर और 15 कारतूस सहित अन्य सामग्री बरामद की गई। घर में रहने वाले लोगों ने, जिनकी पहचान लांजेवार परिवार के सदस्यों के रूप में हुई है, बगीचे में कुछ संदिग्ध चीजें देखने के बाद सुबह 9:30 से 10 बजे के बीच अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
इसकी जानकारी मिलने के बाद बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड और फॉरेंसिक टीमों को मौके पर भेजा गया और इलाके को घेर लिया गया। प्रारंभिक जांच में ये भी सामने आया है कि ये विस्फोटक सामान पिछले करीब डेढ़ महीने से वहां रखा हो सकता है। हालांकि ये किसने और किस मकसद से वहां रखा था, इस पर अभी तक खुलकर जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। अब तक किसी की गिरफ्तारी की खबर सामने नहीं आई है। इस घटना के बाद नागपुर शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और सुरक्षा प्रणालियों को भी सतर्क कर दिया गया है।
बता दें कि कुछ समय पहले ही चंडीगढ़ में भाजपा पंजाब ऑफिस के बाहर भी धमाका हुआ था। इस धमाके से वहां पर पार्कड कार का शीशा टूट गया और वहां खड़े एक स्कूटर को भी नुकसान पहुंचा था। हालांकि इसमें किसी की जान जाने की खबर नहीं आई थी। पुलिस ने इस संबंध में कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है, जिनकी पहचान चरणजीत सिंह, बलविंदर लाल, जसवीर सिंह, गुरतेज सिंह, अमनप्रीत सिंह, रूबल चौहान और मनदीप उर्फ अभिजोत शर्मा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि इस मॉड्यूल के पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) का हाथ है। कुछ ही दिनों में इस तरह की 2 घटनाएं सामने आ चुकी हैं।