पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले से दुखद खबर आई है। औद्योगिक शहर हल्दिया में हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (HPL) की नैफ्था पाइपलाइन में आग लग गई। बताया जा रहा है कि यह घटना आज सुबह 4 से 5 बजे के बीच हुई। इस हादसे में 10 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। आग इतनी तेज थी कि आस-पास काम मौजूद कई मजदूर झुलस गए। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि आग सबसे पहले रात 2.45 बजे देखी गई और तेजी से फैलकर हल्दिया नगरपालिका के वार्ड 13 में चिरंजीबपुर तक पहुँच गई, जिससे कई घर इसकी चपेट में आ गए। घायलों में से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता भेजा गया है।
घटना की खबर मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ तुरंत मौके पर पहुँच गईं। खबरों के मुताबिक, 12 गाड़ियों को तैनात किया गया था और अब आग पर काबू पा लिया गया है। हादसे के बाद HPL ने एक बयान जारी कर कहा, "हमें अपनी हल्दिया यूनिट में हुई एक घटना के बारे में पता चला है जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। हमारी संवेदनाएँ प्रभावित लोगों के साथ हैं और हम संबंधित अधिकारियों को हर जरूरी मदद दे रहे हैं। शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि यह घटना प्लांट के पास नैफ्था चोरी के एक अनधिकृत पॉइंट के पास हुई हो सकती है। सही कारण का पता लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर जाँच की जा रही है। इस स्तर पर, जाँच पूरी होने से पहले आगे कोई टिप्पणी करना या किसी को दोषी ठहराना जल्दबाजी होगी।"
इस हादसे का असर रेल सेवाओं पर भी पड़ा है। हल्दिया-पांसकुरा रेलवे लाइन उसी पाइपलाइन के पास से गुजरती है जहाँ धमाका हुआ था। धमाके से ओवरहेड बिजली की लाइनें और ट्रांसफार्मर के साथ-साथ रेलवे ट्रैक का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। सुरक्षा कारणों से हल्दिया से हावड़ा जाने वाली यात्री ट्रेनों को रोक दिया गया है, जिससे रेल यातायात बाधित हुआ है। इससे कुछ दिन पहले ही, कोलकाता के तारातला में भी एक निर्माणाधीन गोदाम का शेड ढह गया था, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी।