भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। कल स्टंप्स तक श्रीलंका ने 2 विकेट खोकर 8 रन बना लिए थे। कामिल मिशारा, जो कल नाबाद लौटे थे, 19 रन बनाकर भारतीय गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा का शिकार बने। एक समय श्रीलंका का स्कोर 3 विकेट पर 35 रन था, लेकिन पसिंदु सूरियाबंदारा (80) ने कामिंदु मेंडिस (32) के साथ चौथे विकेट के लिए 87 रनों की साझेदारी करके पारी को संभाला। यह सूरियाबंदारा के इंटरनेशनल करियर की पहली हाफ-सेंचुरी थी।
कप्तान धनंजय डी सिल्वा कोई खास असर नहीं छोड़ पाए और 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि उन 8 रनों में दो चौके शामिल थे। विकेटकीपर निरोशन डिकवेला बिना खाता खोले आउट हो गए। पिछले मैच की दोनों पारियों में श्रीलंका के लिए सफल रहे सोनाल दिनुशा (85*) ने इस मैच में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने केशरा नुवांथा (18) के साथ 57 रन की साझेदारी की, जिससे टीम का स्कोर कुछ और बेहतर हुआ। समाचार लिखे जाने तक श्रीलंका ने 8 विकेट के नुकसान पर 265 रन बना लिए हैं। सोनल, लाहिरू कुमारा (8*) के साथ नाबाद हैं। श्रीलंका फिलहाल 238 रन पीछे है।
श्रीलंका को फॉलो-ऑन टालने के लिए कम से कम 304 रन बनाने होंगे। दूसरी तरफ, भारत के बाएं हाथ के ऑर्थोडॉक्स स्पिनर मानव सुथार का शानदार प्रदर्शन जारी है। उन्होंने अब तक तीन विकेट झटक लिए हैं। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा भी तीन विकेट हासिल कर चुके हैं। इनके अलावा रविंद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज को एक-एक विकेट मिला है। ताजा घटनाक्रम में, तीसरे दिन का खेल समाप्त हो गया है। बारिश के कारण खेल रोके जाने से पहले श्रीलंका को फॉलो-ऑन से बचने के लिए 39 रन और बनाने थे। श्रीलंका फॉलो-ऑन से बच पाएगा या नहीं, या फिर नतीजा कुछ और ही होगा, यह कल ही साफ हो पाएगा।