फ्रांस ने भारतीय यात्रियों को बड़ी राहत दी है। अब भारतीय नागरिकों को फ्रांस के एयरपोर्ट से किसी तीसरे देश की यात्रा के दौरान ट्रांजिट वीजा की जरूरत नहीं होगी। यह नई व्यवस्था 10 अप्रैल 2026 से लागू हो गई है। इस साल फरवरी में भारत दौरे पर आए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारतीय यात्रियों के लिए यात्रा आसान बनाने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि भारत के लोगों के लिए फ्रांस के रास्ते सफर को सरल बनाया जाएगा।
इसके बाद फ्रांस सरकार ने 10 मई 2010 के पुराने नियमों में बदलाव किया। यह संशोधन 9 अप्रैल 2026 को फ्रांस के जर्नल ऑफिशियल में प्रकाशित भी किया गया था। नए नियम के अनुसार, सामान्य भारतीय पासपोर्ट रखने वाले यात्रियों को अब फ्रांस के एयरपोर्ट के अंतरराष्ट्रीय ट्रांजिट क्षेत्र में रुकने पर एयरपोर्ट ट्रांजिट वीजा नहीं लेना होगा।
यह सुविधा उन यात्रियों के लिए है जो फ्रांस में केवल फ्लाइट बदलते हैं और वहां से किसी अन्य देश के लिए आगे यात्रा करते हैं। इस फैसले से भारतीय यात्रियों का समय और खर्च दोनों बच सकते हैं। खासकर यूरोप, अमेरिका और अन्य देशों की यात्रा करने वाले लोगों को इसका सीधा फायदा मिल सकता है।
इस संबंध में भारत में फ्रांसीसी दूतावास ने अपने X अकाउंट से ट्वीट भी किया, जिसमें लिखा है कि, "10 अप्रैल 2026 से, साधारण भारतीय पासपोर्ट धारकों को फ्रांस के किसी भी एयरपोर्ट के अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र से ट्रांजिट करते समय एयरपोर्ट ट्रांजिट वीसा (ATV) की आवश्यकता नहीं होगी, जैसा कि राष्ट्रपति मैक्रोन ने अपनी हालिया भारत यात्रा के दौरान घोषणा की थी।"