गौतम अडाणी ने मुकेश अंबानी को फिर पीछे छोड़ा, बने एशिया के सबसे धनी व्यक्ति

यदि दुनिया के सबसे अमीर लोगों का जिक्र करें, तो उनमें एलोन मस्क 656 बिलियन डॉलर के साथ पहले, लैरी पेज 286 बिलियन डॉलर के साथ दूसरे और जेफ बेजोस 269 बिलियन डॉलर के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद हैं।

गौतम अडाणी ने मुकेश अंबानी को फिर पीछे छोड़ा, बने एशिया के सबसे धनी व्यक्ति

विश्व के सबसे धनी व्यक्तियों में गौतम अडाणी 19वें, तो मुकेश अंबानी 20वें स्थान पर है।

Share:

Highlights

  • गौतम अडाणी की नेट वर्थ 92.6 बिलियन डॉलर और मुकेश अंबानी की नेट वर्थ 90.8 बिलियन डॉलर हो गई है।
  • अडाणी ग्रुप अहमदाबाद, मुंबई, तिरुअनंतपुरम और गुवाहाटी जैसे प्रमुख एयरपोर्ट्स में हिस्सेदारी रखता है।
  • मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज नेटवर्क18 और जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड में बड़ी हिस्सेदार है।

भारत के उद्योग जगत से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। दिग्गज कारोबारी गौतम अडाणी ने उद्योगपति मुकेश अंबानी को एक बार फिर पीछे छोड़ दिया और एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन चुके हैं। अडाणी ग्रुप के शेयरों में लगातार तेजी के कारण उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, अब गौतम की नेट वर्थ 92.6 बिलियन डॉलर हो गई है, वहीं एशिया में नंबर 2 मुकेश अंबानी की नेट वर्थ 90.8 बिलियन डॉलर है। यदि दुनिया के सबसे अमीर लोगों का जिक्र करें, तो उनमें एलोन मस्क 656 बिलियन डॉलर के साथ पहले, लैरी पेज 286 बिलियन डॉलर के साथ दूसरे और जेफ बेजोस 269 बिलियन डॉलर के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद हैं। विश्व के सबसे धनी व्यक्तियों में अडाणी 19वें, तो अंबानी 20वें स्थान पर हैं।

बता दें कि गौतम अडाणी, अडाणी ग्रुप के फाउंडर-चेयरमैन हैं और इसका मुख्यालय गुजरात के अहमदाबाद में है। ये ग्रुप पोर्ट मैनेजमेंट, रियल एस्टेट, एनर्जी, डिफेंस और एयरोस्पेस, एयरपोर्ट, नेचुरल रिसोर्सेज जैसे कई क्षेत्रों में काम करता है। अडाणी ग्रुप भारत के कई एयरपोर्ट्स के प्रबंधन, विकास और ऑपरेशन में हिस्सेदारी रखता है। इनमें अहमदाबाद का सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट, गुवाहाटी का लोकप्रिय गोपीनाथ बरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और तिरुअनंतपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रमुख हैं। खेल जगत में भी अडाणी ग्रुप ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। ये समूह वूमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में गुजरात जायंट्स, इंटरनेशनल लीग टी-20 (ILT20) में गल्फ जायंट्स और प्रो कबड्डी लीग (PKL) में भी गुजरात जायंट्स का मालिक है।

बात करें मुकेश अंबानी की, तो वे रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज पेट्रोकेमिकल, तेल और गैस, रिटेल, मीडिया और एंटरटेनमेंट जैसे क्षेत्रों में काम करती है। इसका मुख्यालय महाराष्ट्र के मुंबई में और गुजरात के जामनगर में दुनिया का सबसे बड़ा रिफाइनिंग कॉम्प्लेक्स है। जियो की पैरेंट कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड में भी रिलायंस इंडस्ट्रीज की 67.03% हिस्सेदारी है। इसी तरह नेटवर्क18 ग्रुप में भी वो 56.89% हिस्सेदारी रखती है। इतना ही नहीं, मुकेश अंबानी अपनी सब्सिडायरी कंपनी इंडियाविन स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के द्वारा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) और वूमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में मुंबई इंडियंस (MI), द हंड्रेड लीग में MI लंदन, मेजर लीग क्रिकेट में MI न्यू यॉर्क, इंटरनेशनल लीग टी-20 में MI एमिरेट्स और SA20 में MI केप टाउन के मालिक भी हैं।

रिलेटेड टॉपिक्स