असम कैबिनेट का हुआ विस्तार, 12 नेताओं ने ली मंत्रीपद की शपथ, 4 नए चेहरों को मिला मौका

ये शपथ ग्रहण समारोह गुवाहाटी स्थित ज्योति-बिष्णु अंतरराष्ट्रीय कला मंदिर​ में आयोजित किया गया था। इस समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल समेत कई अन्य लोग भी उपस्थित थे।

असम कैबिनेट का हुआ विस्तार, 12 नेताओं ने ली मंत्रीपद की शपथ, 4 नए चेहरों को मिला मौका

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा भी उपस्थित रहे।

Share:

Highlights

  • नए चेहरों में अश्विनी राय सरकार, नीलिमा देवी, बिस्वजीत दैमारी और सुशांत बोरगोहेन शामिल है।
  • पुराने नेताओं में अशोक सिंघल, केशब महंत, पीयूष हजारिका और बिमल बोरा पर पुनः भरोसा जताया गया है।
  • कांग्रेस से भाजपा में आए प्रद्युत बोरदोलोई और भूपेन बोरा को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली है।

असम में नई सरकार बनने के लगभग तीन हफ्तों के बाद, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने अपनी कैबिनेट का विस्तार किया है। आज यानी 5 जून को करीब 12 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली, जिसके बाद प्रदेश सरकार में मंत्रियों की संख्या (मुख्यमंत्री समेत) 17 हो गई है। ये शपथ ग्रहण समारोह गुवाहाटी स्थित ज्योति-बिष्णु अंतरराष्ट्रीय कला मंदिर​ में आयोजित किया गया था। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने सभी नेताओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। आज शपथ लेने वाले 12 मंत्रियों में, 4 नए चेहरों को भी शामिल किया गया है।

इनमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अश्विनी राय सरकार, सुशांत बोरगोहेन, नीलिमा देवी और पूर्व विधानसभा स्पीकर बिस्वजीत दैमारी भी शामिल हैं। वहीं पुराने चेहरों में BJP के अशोक सिंघल, बिमल बोरा, जयंत मल्ल बरूआ, कौशिक राय, कृष्णेंदु पॉल, पीयूष हजारिका और रनोज पेगु शामिल हैं। असम गण परिषद (AGP) के कार्यकारी अध्यक्ष केशब महंत को भी मंत्रिमंडल में स्थान मिला है। इस समारोह में असम में BJP के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल समेत कई अन्य लोग भी उपस्थित थे इससे पूर्व 12 मई को मुख्यमंत्री सरमा के साथ 4 मंत्री पहले ही शपथ ले चुके थे। इनमें BJP के रामेश्वर तेली और अजंता नियोग, AGP के अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट (BPF) के चरण बोरो शामिल थे।

इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह समेत BJP-NDA के कई बड़े नाम शामिल हुए थे। अन्य क्षेत्रों की चर्चित हस्तियां भी इस कार्यक्रम में शामिल हुई थी। दिलचस्प बात ये भी रही कि विधानसभा चुनावों से पहले, कांग्रेस से BJP में शामिल हुए प्रद्युत बोरदोलोई और भूपेन बोरा को इस मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली है। हाल ही में कर्नाटक में भी मंत्रिमंडल विस्तार हुआ, जहां एक भी महिला को जगह नहीं दी गई है। वहीं असम कैबिनेट में दो महिला नेताओं को मंत्री बनाया गया है। असम सरकार में अधिकतम 19 मंत्री हो सकते हैं और फिलहाल मुख्यमंत्री समेत 17 नेता कैबिनेट में हैं। अभी 2 स्थानों को रिक्त रखा गया है, जिन्हें आने वाले समय में भरा जा सकता है।

रिलेटेड टॉपिक्स