असम के लिए आज का दिन बेहद खास रहा। पूर्वोत्तर भारत के सबसे लोकप्रिय और ताकतवर नेताओं में से एक, डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने आज दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। ये उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली नेशनल डेमोक्रेटिक अलायन्स (NDA) सरकार तीसरी बार सत्ता में लौट चुकी है।
गुवाहाटी के खानापारा स्थित वेटरनेरी कॉलेज ग्राउंड में ये शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न हुआ। मुख्यमंत्री सरमा के साथ 4 अन्य नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। इनमें असम गण परिषद (AGP) के अतुल बोरा, बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट (BPF) के चरण बोरो एवं BJP की अजंता नियोग और रामेश्वर तेली शामिल थे। असम BJP के पूर्व अध्यक्ष रणजीत कुमार दास विधानसभा स्पीकर होंगे।
समारोह से पहले, मुख्यमंत्री सरमा ने माँ कामाख्या से आशीर्वाद भी लिया। X पर एक पोस्ट में कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, "माँ कामाख्या और महापुरूष श्रीमंत शंकरदेव का आशीर्वाद असम के हर व्यक्ति के जीवन को प्रकाशित करे और शांति, प्रगति तथा समृद्धि के नए मार्ग प्रशस्त करे। उनके आशीर्वाद से आने वाले दिनों में असम विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।"
इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और असम BJP के अध्यक्ष दिलीप सैकिया भी मौजूद रहे। BJP और NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी इस समारोह में मौजूद रहे।
इनमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, अरूणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, उपमुख्यमंत्री चौना में (Chowna Mein), त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा, नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो, उपमुख्यमंत्री वाय. पैटन और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी प्रमुख रहे। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल एवं जगदीश देवड़ा भी इस समारोह में मौजूद रहे।
कुछ अन्य खास लोगों ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। इनमें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया, भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर, अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के डायरेक्टर जीत अदाणी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, पंजाब के राज्यपाल और असम के पूर्व राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और आंध्र प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं तेलुगू देशम पार्टी (TDP) के कार्यकारी अध्यक्ष एन. लोकेश शामिल रहे। असम की जनता यही चाहेगी कि राज्य आगे भी प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।