आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले से एक बहुत ही दर्दनाक खबर सामने आई है। गुरुवार की सुबह तड़के एक निजी बस और टिपर ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। यह हादसा रायवरम इलाके के पास हुआ, जहां टक्कर इतनी जोरदार थी कि देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई। इस खौफनाक दुर्घटना में कम से कम 13 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई है, जबकि 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के मुताबिक, हरिकृष्णा ट्रेवल्स की यह प्राइवेट बस तेलंगाना के निर्मल से आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जा रही थी।
सुबह करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच जब बस एक मोड़ काट रही थी, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार टिपर ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के तुरंत बाद बस के डीजल टैंक या इंजन में धमाका हुआ और पूरी बस में आग लग गई। शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि कम से कम 13 यात्री जिन्दा जल गए, जबकि कई अन्य घायल हो गए, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि उस समय बस में लगभग 40 यात्री सवार थे।
बस के पिछले हिस्से में बैठे यात्री दुर्घटना और आग लगने के बाद बाहर नहीं निकल पाए, जिसके कारण मरने वालों की संख्या इतनी ज्यादा हो गई। हालांकि, आगे के हिस्से में बैठे कई यात्री भाग निकलने और अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन को आदेश दिए हैं कि घायलों को इलाज में कोई कमी नहीं आनी चाहिए। राज्य के कैबिनेट मंत्री एन. लोकेश ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिवार वालों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की।