भारत-बेल्जियम रिश्तों को मिली नई रफ्तार, प्रधानमंत्री मोदी और डी वेवर की बैठक में हुए कई अहम समझौते

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि आज, दोनों देशों के सहयोग का दायरा ट्रेडिशनल सेक्टर से आगे बढ़कर डिफेंस और क्लीन एनर्जी जैसे स्ट्रेटेजिक सेक्टर तक पहुंच गया है। हम जोरावर टैंक जैसे आधुनिक रक्षा उपकरणों पर मिलकर काम कर रहे हैं। हम आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में दुनिया के सबसे बड़े ग्रीन अमोनिया प्रोजेक्ट्स में से एक भी विकसित कर रहे हैं। इस साल की शुरुआत में, हमने भारत और यूरोपियन यूनियन के बीच एक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किया।

भारत-बेल्जियम रिश्तों को मिली नई रफ्तार, प्रधानमंत्री मोदी और डी वेवर की बैठक में हुए कई अहम समझौते

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद हाउस में की डी वेवर के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक।

Share:

Highlights

  • बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि।
  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और थियो फ्रैंकन के बीच रक्षा सहयोग पर द्विपक्षीय वार्ता हुई।
  • भारत और बेल्जियम ने अगले पांच साल में द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य रखा।

बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर 2 से 4 सितंबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। बेल्जियम के रक्षा मंत्री थियो फ्रैंकन भी डी वेवर के साथ भारत आए हैं। फरवरी 2025 में पद संभालने के बाद डी वेवर की यह पहली भारत यात्रा है। उनके आगमन की कुछ तस्वीरें X पर शेयर करते हुए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने लिखा, "बेल्जियम के माननीय प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर का नई दिल्ली आगमन पर स्वागत करना मेरे लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है।"

संजय सेठ ने आगे लिखा, "उनकी भारत यात्रा, भारत और बेल्जियम के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण और बहुआयामी संबंधों को और मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। यह यात्रा सहयोग के नए रास्ते खोले और हमारे दोनों देशों के बीच साझेदारी को और गहरा करे। इन्हीं शुभकामनाओं के साथ, प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर का भारत में हार्दिक स्वागत है!"

डी वेवर ने आज नई दिल्ली के राजघाट जाकर बापू को श्रद्धांजलि भी दी। भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज थियो फ्रैंकन के साथ एक द्विपक्षीय वार्ता भी की। इसकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए उन्होंने लिखा, "आज नई दिल्ली में बेल्जियम के रक्षा और व्यापार मंत्री, फ्रैंकन थियो के साथ एक बहुत ही सार्थक बैठक हुई।"

उन्होंने आगे लिखा, "हमने भारत और बेल्जियम के बीच रक्षा संबंधों और रक्षा औद्योगिक सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की। रक्षा औद्योगिक सहयोग के तहत कई MoUs और कॉन्ट्रैक्ट्स पर भी हस्ताक्षर किए गए, ताकि भारतीय कौशल और क्षमता के साथ बेल्जियम की तकनीक का लाभ उठाया जा सके।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद हाउस में डी वेवर के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक की। इसके बाद, दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उनकी मौजूदगी में भारत और बेल्जियम के बीच कई MoUs का आदान-प्रदान भी हुआ। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि ये प्रधानमंत्री डी वेवर की पहली भारत यात्रा है, लेकिन भारत से उनका परिचय पुराना है। उन्होंने लंबे समय तक एंटवर्प के मेयर के तौर पर काम किया है और एंटवर्प में रहने वाले बड़े भारतीय समुदाय के साथ-साथ भारत और बेल्जियम के बीच डायमंड ट्रेड का भी हमेशा समर्थन किया है।

भारत और बेल्जियम के संबंध इतिहास में गहराई से जुड़े हुए हैं। प्रथम विश्व युद्ध के दौरान बेल्जियम में हजारों भारतीय सैनिकों का साहस और बलिदान हमारी साझा स्मृतियों का एक अहम हिस्सा है। आज, डेमोक्रेटिक वैल्यूज, मार्केट इकोनॉमी और पीपल-टू-पीपल टाईस, हमें नेचुरल पार्टनर बनाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मुझे दस साल पहले बेल्जियम जाने का मौका मिला था और मुझे यह देखकर खुशी हो रही है कि पिछले दशक में हमारी साझेदारी ने उल्लेखनीय प्रगति की है।

आज, हमारे सहयोग का दायरा ट्रेडिशनल सेक्टर से आगे बढ़कर डिफेंस और क्लीन एनर्जी जैसे स्ट्रेटेजिक सेक्टर तक पहुंच गया है। हम जोरावर टैंक जैसे आधुनिक रक्षा उपकरणों पर मिलकर काम कर रहे हैं। हम आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में दुनिया के सबसे बड़े ग्रीन अमोनिया प्रोजेक्ट्स में से एक भी विकसित कर रहे हैं। इस साल की शुरुआत में, हमने भारत और यूरोपियन यूनियन के बीच एक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किया। दुनिया की दो सबसे बड़ी लोकतांत्रिक ताकतों के बीच यह अभूतपूर्व सहयोग वैश्विक स्थिरता, विकास और साझा समृद्धि को भी मजबूती देगा।

भारत की निरंतर आर्थिक प्रगति और इस समझौते ने हमारे आर्थिक संबंधों के लिए नई संभावनाएं खोली हैं। आज, हमने इन संभावनाओं को ठोस परिणामों में बदलने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। हमने बेल्जियम की कंपनियों के लिए भारत में एक इन्वेस्टमेंट फास्ट-ट्रैक मैकेनिज्म स्थापित किया है। हमने भारत-बेल्जियम बिजनेस फोरम को एक रेगुलर मैकेनिज्म बनाने का निर्णय लिया है। हम दोनों देशों के फाइनेंशियल, फिनटेक और रेगुलेटरी संस्थानों के बीच तालमेल बढ़ाएंगे और इन उपायों के माध्यम से, हम अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य हासिल करेंगे।

रक्षा और सुरक्षा सहयोग हमारे रिश्तों का एक अहम आधार है। आज, हमने दोनों देशों के बीच मिलिट्री एक्सचेंज और ट्रेनिंग में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। हमारी सरकार और डिफेंस इंडस्ट्रीज के बीच हुए एग्रीमेंट्स से रक्षा क्षेत्र में मिलकर विकास और उत्पादन करने के नए अवसर खुलेंगे। हम अपनी-अपनी एजेंसियों के बीच इंटेलिजेंस शेयरिंग और अपराध के खिलाफ सहयोग को भी और मजबूत करेंगे। एक क्लीन एनर्जी फ्यूचर और रिलाएबल सप्लाई चेन हमारी साझा प्राथमिकताएं हैं। 

आज रिन्यूएबल एनर्जी पर हुए MoU से सस्टेनेबिलिटी पर हमारे सहयोग को नई गति मिलेगी। हमने अहम खनिजों की प्रोसेसिंग और रीसाइक्लिंग में सहयोग बढ़ाने का फैसला किया है। सेमीकंडक्टर में बेल्जियम की विशेषज्ञता और भारत का बड़े स्तर पर काम करने का सामर्थ्य एक-दूसरे के पूरक हैं। इस दिशा में, हम बेल्जियम के IMEC इंस्टीट्यूट को भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम से जोड़ने के लिए मिलकर काम करेंगे। लोगों के बीच आपसी संबंध हमारे रिश्तों की सबसे बड़ी ताकत हैं।​

आज हमने अपने स्टार्टअप्स के बीच कनेक्शन मजबूत करने और मेरीटाइम सेक्टर में क्षमता बढ़ाने पर सहमति जताई है। हम यूनिवर्सिटी और रिसर्च के क्षेत्रों में भी सहयोग को और मजबूत करेंगे और जल्द ही टैलेंट की आवाजाही को आसान बनाने के लिए माइग्रेशन एंड मोबिलिटी पार्टनरशिप एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर करेंगे। आज हमने रीजनल और ग्लोबल डेवलपमेंट्स पर भी विस्तार से चर्चा की। भारत और बेल्जियम, दोनों ही रूल ऑफ लॉ, डायलॉग और डिप्लोमेसी में विश्वास रखते हैं।

पिछले महीने, बेल्जियम और नीदरलैंड ने मिलकर हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी की। इस शानदार वर्ल्ड कप के आयोजन के लिए मैं आपको दिल से बधाई देता हूँ। मैं हमारे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और उनके प्रदर्शन की भी तारीफ करता हूँ। भारत और बेल्जियम लंबे समय से डायमंड्स के जरिए जुड़े रहे हैं। आज, हम इस ऐतिहासिक रिश्ते को एक व्यापक साझेदारी में बदल रहे हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि आज हमारी बातचीत हमारे आपसी संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत करेगी।

रिलेटेड टॉपिक्स