जापान के आइची-नागोया में 20वें एशियन गेम्स के समापन के बाद, अब वहीं पर 5वें एशियन पैरा गेम्स का आयोजन किया जा रहा है। भारत इन खेलों में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहा है। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल SH1 स्पर्धा में, भारतीय पैरा शूटर मोना अग्रवाल ने गोल्ड मेडल जीता। मोना अग्रवाल ने 250.0 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, भारत की ही अवनि लेखरा ने 249.6 के स्कोर के साथ सिल्वर मेडल जीता। इसके साथ अवनी ने LA 2028 पैरालंपिक के लिए कोटा हासिल कर लिया है। वहीं, मोना ने इसे पहले ही वर्ल्ड चैंपियनशिप के दौरान जीत लिया था।
इस सफलता के बाद, दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं भी मिलीं। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी एक बधाई संदेश में कहा गया, "एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने पर मोना अग्रवाल को बधाई! अपने शानदार स्कोर की बदौलत, उन्होंने एशियन पैरा गेम्स का एक नया रिकॉर्ड भी बनाया है! यह एक बेहतरीन उपलब्धि है, जिसने भारत के लिए पहले दिन को और भी खास बना दिया है। उनकी सटीकता, दृढ़ संकल्प और संयम वाकई तारीफ के काबिल हैं। आने वाली प्रतियोगिताओं में उनकी निरंतर सफलता के लिए उन्हें शुभकामनाएं।"
अवनी के बारे में PMO ने लिखा, "अवनि लेखरा के लिए एक शानदार रजत पदक! एशियन पैरा गेम्स 2026 के महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 इवेंट में प्रभावशाली स्कोर के साथ सिल्वर मेडल जीतने पर उन्हें हार्दिक बधाई। उनका समर्पण और दृढ़ संकल्प देश को गौरवान्वित कर रहा है। भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।" इस बीच, पुरुषों की T47 लॉन्ग जंप में भारत के निषाद कुमार ने गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने 7.11 मीटर की छलांग लगाकर पहला स्थान हासिल किया। महिलाओं की 1500m T12/T13 फाइनल में, भारत की सौम्या और राधा वेंकटेश ने क्रमशः गोल्ड और सिल्वर मेडल जीते।
भारत ने पुरुषों की जैवलिन थ्रो F46 स्पर्धा में पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। रिंकू हुड्डा ने 65.11 मीटर की थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि अजीत सिंह यादव ने 65.02 मीटर की थ्रो के साथ सिल्वर मेडल प्राप्त किया। भारतीय जूडो खिलाड़ी कोकिला कौशिकलाते ने महिलाओं की J2 52kg कैटेगरी में रजत पदक जीता। उन्हें फाइनल में किर्गिस्तान की ऐबिके उलानबेक कीजी (Aibike Ulanbek Kyzy) से हार का सामना करना पड़ा। भारत के पैरा स्विमर रवि के. बुडिगिना ने पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल S13 स्पर्धा में 56.68 सेकंड के समय के साथ रजत पदक जीता।
कपिल परमार ने पुरुषों की J1 70kg पैरा जूडो स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। वहीं, भारत की रवानी वलसनानी (Ravanni Valasanani) महिलाओं की 1500m T11 फाइनल में 5:41.85 के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं और ब्रॉन्ज मेडल जीता।